बंगाल में कोलकाता के फाल्टा समेत 77 जगहों पर EVM से छेड़छाड़, चुनाव आयोग 2 मई से पहले फिर से करवाएगा वोटिंग
पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को सेकंड और अंतिम फेज की वोटिंग हुई। इस दौरान कई जगहों पर ईवीएम के साथ छेड़खानी करने की खबरें सामने आईं। मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि मतदान के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी, EVM से छेड़छाड़ के प्रति आयोग ज़ीरो टॉलरेंस पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी जगहों पर फिर से वोटिंग कराई जाएगी। ऐसे 77 पोलिंग बूथ को चिह्नित किया गया है, जहां गड़बड़ी हुई है। वोटिंग 2 मई से पहले कराई जाएगी। कोलकाता में मतदान के बीच मनोज अग्रवाल ने कहा कि चुनाव आयोग ने मशीनरी वेबकास्टिंग, फील्ड रिपोर्ट और पर्यवेक्षकों के इनपुट सहित कई माध्यमों से घटनाक्रम पर सक्रिय रूप से नजर रखी।
निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि जहां से भी हमें कोई सूचना मिली है, हमने वेबकास्टिंग के ज़रिए देखा। जहां से फील्ड रिपोर्ट आई हैं, और जब पर्यवेक्षक की रिपोर्ट आती है, उन मामलों में हम ज़ीरो टॉलरेंस अपनाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि आयोग ने काफी पहले ही अपना रुख साफ कर दिया था कि जहां भी हमें EVM से छेड़छाड़ का कोई भी मामला मिलेगा, वहां दोबारा मतदान कराया जाएगा।
