पटना में तेल गोदाम में भीषण आग, 22 दमकल के सहारे 8 घंटे से चल रही काबू पाने की मशक्‍कत

पटना। राजधानी के दीदारगंज थाना क्षेत्र के करमलीचक स्‍थ‍ित महुली रोड में रविवार देर रात खाद्य तेल के एक गोदाम में आग लग गई। डालडा, रिफाइंड एवं सरसो तेल के गोदाम में लगी आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। इसमें 50 लाख से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

रविवार की देर रात वनस्पति के एक बड़े गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदाम में रखा डालडा, रिफाइन, सरसों तेल जलने लगा। सूचना पाकर घटनास्थल पहुंची लगभग 22 दमकल की मदद से आग बुझाने का काम पूरी रात चलता रहा, ले‍किन सुबह तक आग पूरी तरह नहीं बुझ सकी थी। मौके पर मौजूद पटना सिटी फायर स्टेशन के ऑफिसर अजय कुमार शर्मा ने बताया कि तेल की आग बुझाने के लिए फॉर्म कंपाउंड का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। राजधानी पटना के सभी फायर स्टेशनों से दमकल बुलाई गई है। डालडा में लगी आग बुझाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है।

आग बुझा लेने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी। वनस्पति के जिस गोदाम में आग लगी है उसके बगल की ब्रेड फैक्ट्री को आग से सुरक्षित कर लिया गया है। पूरा इलाका वेयरहाउस का होने के कारण किसी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। आग से जलने के कारण वनस्पति के चारों ओर फैल जाने से रास्ते पर फिसलन उत्पन्न हो गया है।

मौके पर मौजूद अग्निशमन विभाग की एक बड़ी टीम आग बुझाने में अभी लगी है। फायर ऑफिसर ने बताया कि आग बुझाने का काम आग बुझाने का काम अंतिम दौर में जारी है।