राजस्थान में पाकिस्तान से आई 50 करोड़ की 10 किलो हेरोइन जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

राजस्थान: श्रीगंगानगर जिला पुलिस की डीएसटी टीम और जैतसर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पाकिस्तान से तस्करी कर लाई गई करीब 10 किलो हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 50 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच अन्य संदिग्धों को पूछताछ के लिए राउंउ अप किया है। जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जैतसर क्षेत्र में दो तस्करों के कब्जे से करीब 9.5 किलो हेरोइन बरामद की गई। इसके बाद मुख्य आरोपी के समेजा कोठी क्षेत्र स्थित घर पर दबिश देकर आधा किलो हेरोइन और बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए सीमावर्ती क्षेत्र में गिराई गई थी। इसके बाद राजस्थान और पंजाब के ड्रग तस्करों के नेटवर्क ने इसे उठाकर पंजाब पहुंचाने की तैयारी कर रखी थी। यह खेप पंजाब के ड्रग माफिया के पास पहुंचाई जा रही थी, लेकिन इसकी भनक लगते ही पुलिस अलर्ट हो गई और जैतसर के पास इस खेप को बरामद कर लिया। इस मामले में मुख्य आरोपी की भूमिका सामने आई है, यह समेजा कोठी क्षेत्र का रहने वाला है और उसके घर पर भी दबिश दी गई तो वहां से आधा किलो हेरोइन बरामद की है। पुलिस पूरे नेटवर्क, तस्करी की श्रृंखला और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

इससे पहले श्रीगंगानगर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सीमा संकल्प’ के तहत रायसिंहनगर पुलिस और एएनटीएफ चौकी श्रीगंगानगर की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 166 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक कार भी जब्त की है। जिला पुलिस अधीक्षक हरि शंकर ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायसिंहनगर रामेश्वरलाल और वृताधिकारी हनुमान सिंह राठौड़ के सुपरविजन तथा थाना प्रभारी महावीर प्रसाद के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार बस स्टैंड ठाकरी, अनूपगढ़ रोड रायसिंहनगर क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान आरोपी अनुज कुमार (32) निवासी रावला, संजय उर्फ सेठी (21) निवासी 12 केएनडी रावला व श्रीकृष्ण उर्फ राहुल (32) निवासी हनुमान मंदिर के पास, रावला के कब्जे से 166 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। तीनों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त कार जब्त कर ली गई। इस संबंध में रायसिंहनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच गजसिंहपुर थाना प्रभारी शालू बिश्नोई को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि नशा तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस कार्रवाई में विशेष रूप से एएनटीएफ के कांस्टेबल आरिफ हुसैन की भूमिका उल्लेखनीय रही।