दिल्ली में सिंगर गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग, लॉरेंस गैंग ने जिम्मेदारी ली, लिखा- समझाया था सलमान से दूर रह
दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके से चौंकाने वाली खबर सामने आई है. मशहूर पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा के एक जिम के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की. वहीं, घटना के तुरंत बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर इस हमले की जिम्मेदारी ली है. गैंग का दावा है कि सिंगर के बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से करीबी रिश्ते हैं, इसलिए उन्हें निशाना बनाया गया है.
घटना दिल्ली के पश्चिम विहार ईस्ट इलाके की है. पुलिस को सुबह तड़के एक पीसीआर कॉल मिली, जिसमें बताया गया कि पुष्कर एन्क्लेव स्थित 24 आवर्स फिटनेस जिम पर फायरिंग हुई है. चश्मदीदों के मुताबिक, चेहरे को कपड़े से ढके हुए दो बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और जिम के कांच के दरवाजों पर कई राउंड गोलियां चला दीं. इस घटना में किसी भी इंसान को कोई चोट नहीं आई, लेकिन अचानक हुई इस गोलीबारी से पूरे इलाके के लोग दहशत में है.
शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, हमले के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो क्लिप और फेसबुक पोस्ट वायरल होने लगी. दावा किया जा रहा है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर अनिल पंडित यूएसए ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. वायरल पोस्ट में धमकी देते हुए कहा गया है कि ये हमला सिर्फ एक ट्रेलर है. गैंगस्टर का दावा है कि गुरु रंधावा के अभिनेता सलमान खान के साथ करीबी संबंध हैं, और इसी वजह से उनके जिम को निशाना बनाकर यह चेतावनी दी गई है.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और स्पेशल सेल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. पुलिस ने जिम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और वायरल हो रहे धमकी भरे ऑडियो और पोस्ट की जांच की जा रही है. दिल्ली पुलिस ने बयान जारी कर बताया है कि आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें बना दी गई हैं. वहीं, कानून व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए इलाके में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है.
घटना के बाद से ही इस बात की चर्चा है कि क्या जिम सिंगर गुरु रंधावा का है. पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, जिम सीधे तौर पर गुरु रंधावा का मालिकाना हक वाला नहीं है, बल्कि उनके ब्रांड की एक फ्रेंचाइजी है. पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि क्या वाकई यह हमला बिश्नोई गैंग ने ही किया है या फिर किसी और ने दहशत फैलाने के लिए इस नाम का इस्तेमाल किया है.
