आज दो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, लेह जा रहे इंडिगो विमान, हैदराबाद-तिरुपति उड़ान भी 10 मिनट बाद लौटी

दिल्ली से लेह जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E 2006 तकनीकी खराबी के कारण गुरुवार सुबह वापस दिल्ली लौट आई। फ्लाइट में क्रू मेंबर्स सहित 180 लोग सवार थे। इसके अलावा स्पाइसजेट फ्लाइट SG 2696 भी उड़ान भरने के 10 मिनट बाद वापस लौट गई। ये फ्लाइट हैदराबाद से तिरुपति जा रही थी। फ्लाइट में कुल 80 यात्री सवार थे।
एयरलाइंस ने बताया कि, टेकऑफ के बाद पायलट को संकेत मिला कि विमान के पिछले दरवाजे में कुछ दिक्कत है। जिसके बाद फ्लाइट वापस एयरपोर्ट आ गई। इससे पहले बुधवार को एअर इंडिया की 3 फ्लाइट कैंसिल की गईं थीं। इनमें दिल्ली-बाली, टोरंटो-दिल्ली और दुबई-दिल्ली वाली उड़ानें शामिल थीं। दिल्ली से बाली जा रही फ्लाइट AI2145 बीच रास्ते से ही दिल्ली लौटी। एयरलाइन ने बताया यह फैसला बाली एयरपोर्ट के पास ज्वालामुखी विस्फोट की खबरों के कारण यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया। टोरंटो से दिल्ली वाली फ्लाइट AI188 कैंसिल की गई। फ्लाइट में यात्री सवार हो चुके थे, उन्हें उतारा गया। कहा गया कि विमान के मेंटेनेंस और क्रू के फ्लाइट ड्यूटी टाइम की लिमिटेशन के चलते इसे रद्द किया गया है। दुबई से दिल्ली आने वाली फ्लाइट AI996 को तकनीकी खामी के चलते कैंसिल किया गया। इस फ्लाइट में भी यात्री सवार हो चुके थे। आदेश जारी होते ही उन्हें भी उतारा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *