कार के टायर जितना बड़ा होता है ये फूल, 10 किलो तक भारी
प्रकृति अपने अनोखे चमत्कारों से हमेशा हैरान करती रहती है, दुनिया का सबसे बड़ा फूल रेफलीशिया (Rafflesia) भी इन्हीं में से एक है. यह फूल ना सिर्फ आकार में विशाल है बल्कि उसकी बदबू भी अनोखी है. यह फूल व्यास में एक मीटर तक बड़ा हो सकता है. इसका वजन 10 किलो तक पहुंच जाता है. देखने में यह किसी कार के टायर जितना लगता है. बात फूल के रंग की करें तो ये लाल-भूरा होता है और इसकी पंखुड़ियां मांस जैसे मोटी होती हैं.
सबसे दिलचस्प बात यह है कि रेफलीशिया से सड़ी हुई लाश जैसी बदबू आती है. यह बदबू दूर-दूर तक फैल जाती है. वैज्ञानिकों के अनुसार, यह बदबू मक्खियों को आकर्षित करने के लिए निकाली जाती है. मक्खियां फूल पर बैठकर परागण करती हैं, जिससे ये जंगल में फ़ैल जाते हैं.
रेफलीशिया सामान्य पौधों की तरह नहीं बढ़ता. यह परजीवी (parasitic) पौधा है. इसमें अपना पत्ता या तना नहीं होता. यह दूसरे पेड़ों की जड़ों से न्यूट्रिशन चुराकर अपना विकास करता है. फूल कई महीनों की तैयारी के बाद अचानक खिलता है.
रेफलीशिया मुख्य रूप से इंडोनेशिया, मलेशिया, थाईलैंड और फिलीपींस के वर्षावनों में पाया जाता है. यह दुर्लभ फूल है और कई जगहों पर विलुप्त होने के खतरे में है. ये कई सालों में खिलता है और बस पांच से सात दिन ही खिला रहता है. इसके बाद ये मुरझा जाता है. वैज्ञानिक इस फूल का अध्ययन करके परजीवी पौधों की जीवन शैली समझते हैं. यह फूल प्रकृति में जैव विविधता का महत्वपूर्ण हिस्सा है.
दुनिया भर से लोग इस फूल को देखने जाते हैं. हालांकि इसकी बदबू के कारण ज्यादा देर तक पास में खड़े रहना मुश्किल होता है. फिर भी इसका आकार देखने लायक होता है.
