धर्म परिवर्तन के दबाव और खतना करवाने की धमकी! टॉर्चर से परेशान होकर मासूम ने लगाई फांसी
राजस्थान : टोंक शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत महावीर नगर कॉलोनी में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां 17 वर्षीय नाबालिग स्कूली छात्र कुणाल ने पंखे से चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक किराए के मकान में परिवार के साथ रहता था. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया और पोस्टमॉर्टम की कार्यवाही पूरी कराई. मृतक की मां दीपिका गुर्जर टोंक जेल में कर्मचारी हैं. परिवार ने इस मामले में कोतवाली थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है. मृतक की मां दीपिका गुर्जर ने पुलिस को दिए बयान में शहर के एक समुदाय विशेष के युवकों और एक नाबालिग लड़की पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्ष से उनका बेटा समुदाय विशेष समाज के कुछ लड़कों के साथ रहता था. इस दौरान समुदाय विशेष की एक लड़की ने उनके बेटे को प्रपोज किया और मोबाइल पर बातचीत शुरू हो गई.
मां का आरोप है कि जब उन्हें 8 महीने पहले इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने बेटे को समझाया, लेकिन इसके बाद लड़की और उसके साथियों ने कुणाल को लगातार जान से मारने की धमकियां दीं. दीपिका गुर्जर ने यह भी दावा किया कि लड़की और उसके परिवार ने उनके बेटे पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया और खतना करवाने की धमकी दी. उन्होंने कहा कि बुधवार को आए परीक्षा परिणाम से बेटा खुश था, लेकिन बुधवार रात को ही यह घटना हो गई.
मां ने आगे बताया कि लड़की की मां सरकारी शिक्षिका हैं और पिता दो हत्या के मामले में जेल जा चुका है. दीपिका गुर्जर ने कहा कि उन्होंने 20 मई से 4 महीने की CCL (Child Care Leave) स्वीकृत करवा ली थी और भीलवाड़ा में नया मकान बनाने की योजना बना रही थीं, ताकि बेटे को टोंक शहर से बाहर ले जा सकें. लेकिन इससे पहले ही बेटे ने आत्महत्या कर ली. उन्होंने जेल अधिकारियों पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्होंने डीजी जेल से ट्रांसफर की गुहार लगाई थी, लेकिन उनकी नहीं सुनी गई. अगर ट्रांसफर हो जाता तो बेटा आज जिंदा होता. मां ने मांग की है कि दोषियों को सख्त सजा दी जाए.
कोतवाली थाना अधिकारी भंवरलाल वैष्णव ने बताया कि मृतक का परिवार किराए के मकान में रहता था. बड़े बेटे ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है. परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी विस्तृत जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि दोनों बच्चे (मृतक और लड़की) नाबालिग हैं. पुलिस रिपोर्ट के आधार पर विधि सम्मत कार्रवाई करेगी.
वर्तमान में पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है. शव का पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद और आसपास के लोगों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की दिशा तय की जाएगी.
