जुमे की नमाज, धमाका और दहशत… इस्लामाबाद की शिया मस्जिद के बाहर आत्मघाती धमाका,15 की मौत 60 घायल
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आज शुक्रवार की नमाज के दौरान एक शिया मस्जिद के बाहर हुए आत्मघाती बम धमाके ने पूरे शहर को दहला दिया. तरलाई इलाके स्थित इमाम बारगाह खदीजात-उल-कुबरा में हुए इस विस्फोट में अब तक कम से कम 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 60 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. धमाके के बाद हर तरफ चीख-पुकार मच गई. जिस वक्त यह धमाका हुआ उस समय मस्जिद में नमाज के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. धमाके के तुरंत बाद इस्लामाबाद में इमरजेंसी घोषित कर दी गई. पुलिस, रेस्क्यू और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विस्फोट पूरी तरह आत्मघाती था या किसी अन्य तरीके से अंजाम दिया गया. फोरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी.
घायलों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनके इलाज की निगरानी के लिए प्रशासन ने विशेष अधिकारियों की तैनाती की है. पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हमले में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इसे “मानवता के खिलाफ अपराध” करार दिया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
