आम के नीचे छिपा एक करोड़ का गांजा जब्त, पुलिस ने तस्कर को किया अरेस्ट
जशपुरनगर : नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है.कांसाबेल थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी दोकड़ा पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर एक संदिग्ध पिकअप वाहन को पकड़ा, जिसमें कच्चे आम की ट्रे के नीचे छिपाकर रखे गए 02 क्विंटल 07 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा को बरामद किया गया.मामले में पुलिस ने एक आरोपी तस्कर को गिरफ्तार करते हुए कुल 01 करोड़ 13 लाख 60 हजार 550 रुपए की जब्ती की है. पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया गांजा तस्कर प्रेमनाथ सिंह, विमड़ा गांव थाना बगीचा जिला जशपुर का है. जो ओडिशा के सुंदरगढ़ क्षेत्र से गांजा लेकर आ रहा था. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि खेप को अंबिकापुर तक पहुंचाना था, जहां से इसे उत्तर प्रदेश भेजे जाने की तैयारी थी, पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की एंड टू एंड जांच में जुट गई है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 12 मई 2026 को चौकी दोकड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया. डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर ग्राम देवरी के पास नाकाबंदी की गई. इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन वहां पहुंचा.पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक तेजी से वाहन भगाकर कांसाबेल की ओर भागने लगा.इसके बाद कांसाबेल पुलिस ने ग्राम खुटेरा में नाकाबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने वाहन मोड़ लिया और पुसरा रोड होते हुए दोकड़ा की ओर भागने लगा. पुलिस टीम लगातार पीछा करती रही और आखिरकार बगिया-दोकड़ा मुख्य मार्ग पर बहाल जोर के पास वाहन को घेरकर पकड़ लिया गया.
तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन की ट्रॉली में प्लास्टिक कैरेट में भरे कच्चे आम दिखाई दिए. जब पुलिस ने आम हटवाए तो उसके नीचे खाकी रंग की प्लास्टिक टेप से लिपटे गांजे के पैकेट छिपाकर रखे मिले. पुलिस ने 23 प्लास्टिक कैरेट से कुल 207 पैकेट बरामद किए, जिनमें कुल 207 किलो गांजा भरा हुआ था.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 207 किलो गांजा, तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन, एक मोबाइल फोन तथा 550 रुपए नकद जब्त किया हैं. पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 01 करोड़ 03 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है, जबकि वाहन की कीमत लगभग 10 लाख रुपए तथा मोबाइल फोन की कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई है. इस प्रकार कुल 01 करोड़ 13 लाख 60 हजार 550 रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
जशपुर पुलिस के ऑपरेशन आघात के तहत जनवरी 2026 से अब तक नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार बड़ी कार्रवाई जारी है. पुलिस ने अब तक 03 करोड़ 24 लाख 55 हजार 550 रुपए कीमत के नशीले पदार्थ जब्त किए हैं. इनमें 08 मामलों में 744 किलो 227 ग्राम गांजा, 03 मामलों में 1840 नग प्रतिबंधित कफ सिरप, एक मामले में 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर तथा गांजा पौधा उगाने के मामले में 90 नग गांजा पौधे जब्त किए गए हैं. इन मामलों में अब तक 27 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है. इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त 54 लाख रुपए से अधिक कीमत के वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनमें 08 कार, 01 पिकअप और 01 मोटरसाइकिल शामिल हैं.
