CG : जांजगीर में बड़ी घटना, एक ही परिवार के 4 लोगों की सोते समय संदिग्ध मौत

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले मेंएक ही परिवार के चार लोगों की मौत की घटना सामने आई है. सोते समय सभी की हत्या करने का अंदेशा लगाया जा रहा है. क्योंकि चारों लाशें खून से लथपथ मिली हैं. जिससे रात में सोते समय धारदार हथियार से चारों की हत्या करने का अंदाजा लगाया जा रहा है. मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं. जो निर्माणाधीन मकान में सो रहे थे. घटना की जानकारी लगते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है. जिसकी जानकारी सुबह लोगों को लगी है. घटना के बाद जांजगीर पुलिस जांच में जुटी है. मामला शिवरीनारायण थाना इलाके के भवंतरा गांव का है मृतकों के नाम पीताम्बर कश्यप, मेदनी प्रसाद कश्यप, कुमारी मोगरा और शांति बाई बताए गए हैं. जिनका घर बन रहा था. ऐसे में चारों लोग निर्माणाधीन मकान में ही सो रहे थे. लेकिन जब सुबह के वक्त काम करने के लिए मिस्त्री घर पर पहुंचा तो उसने चारों को खाटों पर बेसुध पड़ा देखा. जिसके बाद मामले की जानकारी गांव के लोगों को दी गई. स्थानीय सरपंच ने तुरंत ही घटना की जानकारी पुलिस को दी थी. जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो लाशें खून से सनी पड़ी थी.

जांजगीर पुलिस के मुताबिक मामला हत्या का बताया जा रहा है. जहां चारों की सोते समय हत्या की गई है. घटना के बाद कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया गया और उनसे पूछताछ शुरू की है. पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलूओं पर जांच की जा रही है. मामले की जानकारी एसपी को भी दी गई है. वहीं इस घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मचा हुआ है. क्योंकि एक साथ चार लोगों की इस तरह से हत्या के बाद सब हैरान हो गए. स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. वहीं मामले में पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है.