Gold Silver Price Today: सोने-चांदी की कीमतों में अचानक आया उछाल! जानें ताजा भाव

सोना और चांदी की कीमतों में गुरुवार को तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों धातुओं की कीमतों में जोरदार उछाल आया। अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच निवेशकों का ट्रेंड एक बार फिर सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने और चांदी की ओर बढ़ा है। इसका असर घरेलू बाजार में भी साफ दिखाई दिया, जहां सोने और चांदी दोनों के भाव उछल गए। गुरुवार को MCX पर अगस्त 2026 डिलीवरी वाला सोना 840 रुपये की बढ़त के साथ 1,59,366 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखाई दिया। वहीं जुलाई 2026 डिलीवरी वाली चांदी 753 रुपये चढ़कर 2,63,711 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। हालांकि पिछले कारोबारी सत्र में सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन आज बाजार खुलते ही निवेशकों की खरीदारी बढ़ने से कीमतों में मजबूती लौट आई।

अमेरिकी डॉलर में कमजोरी आने से सोना और चांदी निवेशकों के लिए अधिक आकर्षक हो गए हैं। इसके अलावा पश्चिम एशिया में जारी तनाव को लेकर बाजार में हलचल बढ़ी है। अमेरिका में इजराइल और लेबनान के बीच युद्धविराम को लेकर बढ़ती उम्मीदों ने निवेशकों का ध्यान खींचा है। साथ ही अमेरिकी संसद में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के खिलाफ युद्ध को जारी रखने पर सवाल उठाए जाने से भी वैश्विक बाजारों में नई चर्चा शुरू हो गई है।