10वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा मौका! MPESB ने निकाली 1679 पदों पर बंपर भर्ती, मिलेगा 62,000 तक सैलरी
मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का अच्छा अवसर आया है. मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने वन विभाग और जेल विभाग में कई पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. इस भर्ती के जरिए कुल 1679 खाली पदों को भरा जाएगा. जो युवा वर्दी वाली नौकरी करना चाहते हैं, उनके लिए यह सुनहरा मौका है. इस भर्ती अभियान में अलग-अलग पद शामिल हैं. जेल प्रहरी के 757 पद, वन रक्षक के 728 पद, क्षेत्र रक्षक के 169 पद और सहायक जेल अधीक्षक के 25 पद भरे जाएंगे. सभी पद राज्य के अलग-अलग जिलों में होंगे.
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 28 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है. इच्छुक उम्मीदवार 14 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. अगर आवेदन फॉर्म में कोई गलती हो जाती है, तो उसे 19 मार्च 2026 तक सुधारा जा सकता है. परीक्षा 7 अप्रैल 2026 से शुरू होगी. उम्मीदवारों को सलाह है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार न करें और समय पर आवेदन पूरा कर लें.
वन रक्षक, क्षेत्र रक्षक और जेल प्रहरी पद के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है. सहायक जेल अधीक्षक पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए.
1 जनवरी 2026 को आधार मानते हुए न्यूनतम आयु 18 वर्ष तय की गई है. हालांकि, सहायक जेल अधीक्षक पद के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष है. सामान्य वर्ग के लिए अधिकतम आयु 33 वर्ष है. वहीं, मध्य प्रदेश के मूल निवासी SC, ST, OBC, EWS और महिला उम्मीदवारों को अधिकतम आयु में 5 साल की छूट दी गई है. यानी उनके लिए आयु सीमा 38 वर्ष तक है.
उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में होगा. सबसे पहले कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा (CBT) होगी. जो उम्मीदवार इसमें पास होंगे, उन्हें शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) के लिए बुलाया जाएगा. इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट के आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट बनाई जाएगी.
सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को प्रति प्रश्न पत्र 500 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा. SC, ST, OBC और दिव्यांग (केवल मध्य प्रदेश के मूल निवासी) उम्मीदवारों के लिए शुल्क 250 रुपये प्रति प्रश्न पत्र है. इसके अलावा पोर्टल शुल्क भी देना होगा, जो कियोस्क के माध्यम से 60 रुपये और सिटीजन यूजर के माध्यम से 20 रुपये है.
वन रक्षक, जेल प्रहरी और क्षेत्र रक्षक पद के लिए वेतन 19,500 रुपये से 62,000 रुपये (लेवल-4) तक होगा. वहीं, सहायक जेल अधीक्षक पद के लिए वेतन 36,200 रुपये से 1,14,800 रुपये तक दिया जाएगा.
यह भर्ती उन युवाओं के लिए खास है जो सरकारी सेवा में आकर राज्य और समाज की सेवा करना चाहते हैं. आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक वेबसाइट – esb.mp.gov.in पर जाकर पूरी जानकारी ध्यान से पढ़ लें.
