गोरखपुर : मिड डे मील में कीड़ा निकलने पर सरकारी स्‍कूल में बवाल, रसोइया और प्रिंसिपल के बीच मारपीट

गोरखपुर: एक प्राथमिक विद्यालय से बेहद हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। मिड डे मील में कीड़ा मिलने के बाद महिला प्रिंसिपल और खाना बनाने वाली के बीच जमकर विवाद हुआहालात इस कदर बेकाबू हो गए कि दोनों ने गुत्थम गुत्था होकर मारपीट शुरू कर दी। रसोइया ने प्रिंसिपल को बाल पकड़ कर जमीन पर पटक दियापास खड़ी टीचर की गुहार पर स्टाफ के लोगों ने दोनों पर किसी तरह काबू पाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बीएसए ने पूरे मामले की जांच की बात कही हैपूरा मामला खजनी थाना क्षेत्र के उसवा बाबू स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय का है। बुधवार दोपहर मिड डे मील में कीड़ा निकल आया। बच्‍चों ने भोजन लेने से मना कर दियाइस बात की जानकारी प्रिंसिपल रीता आर्य को हुई तो उन्होंने रसोइया गुंजा देवी से इस बाबत पूछा। रीता आर्य और गुंजा देवी के बीच बहस शुरू हो गई। धीरे-धीरे बात हाथापाई तक पहुंच गई। दोनों ने एक दूसरे को बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और पीटने लगी। स्कूल प्रांगण में मौजूद अन्य स्टाफ यह तमाशा देख हैरान रह गए। लोगों ने बीच बचाव कर किसी तरह दोनों को अलग किया और समझाने की कोशिश की।

प्रिंसिपल ने आरोप लगाया की गुंजा देवी अक्‍सर स्कूल छोड़कर ईसाई धर्म के प्रचार में चली जाती है और अन्य पर भी ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाती है। यह पूरा षड्यंत्र मुझे यहां से हटाने के लिए किया जा रहा है इसमें कई स्टाफ भी शामिल हैं। वहीं, स्कूल की सहायक प्रधानाध्यापिका श्रद्धा शुक्ला का कहना है कि प्रिंसिपल महोदय का रवैया स्टाफ के प्रति तानाशाही भरा है। वह अक्सर स्टाफ के साथ बेरुखी से बात करती हैं। आज का मामला मिड डे मील में कीड़ा मिलने का था, इसी बात पर विवाद बढ़ा। वैसे भी आए दिन विद्यालय में विवाद होते ही रहते हैं, इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों तक है।

इस बारे में बीएसए का कहना है कि मामला बेहद गंभीर और शर्मनाक है। जांच कराई जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।