CG : बीएड वालों के लिए सरकारी नौकरी, लेक्चरर के 854 पदों पर आज से आवेदन शुरू

छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (सीजीएसएसबी) ने व्याख्याता (लेक्चरर) भर्ती 2026 का विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया है। यह भर्ती लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ की ओर से निकाली गई है। भर्ती के तहत ई-संवर्ग और टी-संवर्ग में आठ विषयों के लिए कुल 854 पद हैं। इनमें 424 पद ई-संवर्ग और 430 पद टी-संवर्ग के हैं।

नोट कर लें सभी जरूरी तारीखें
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 29 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है। उम्मीदवार 26 अक्तूबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए उम्मीदवारों को अंतिम तारीख का इंतजार नहीं करना चाहिए। भर्ती से जुड़ी प्रमुख तारीखें इस प्रकार हैं:

ऑनलाइन आवेदन शुरू: 29 सितंबर 2026
आवेदन की अंतिम तिथि: 26 अक्तूबर 2026, शाम 5 बजे
आवेदन में गलती सुधारने का समय: 27 से 29 अक्तूबर 2026, शाम 5 बजे तक
प्रवेश पत्र जारी होने की संभावित तारीख: 23 नवंबर 2026
लिखित परीक्षा की संभावित तारीख: 29 नवंबर 2026
परीक्षा का समय: सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक

लेक्चरर भर्ती में हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, भौतिकी, राजनीति विज्ञान, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र विषय शामिल हैं।

लेक्चरर पद के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में द्वितीय श्रेणी में स्नातकोत्तर डिग्री या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। इसके साथ मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से बीएड की डिग्री भी जरूरी है।

शैक्षणिक योग्यता का निर्धारण राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद की अधिसूचनाओं और संबंधित न्यायालय के आदेशों के अनुसार भी किया जाएगा। इसके अलावा उम्मीदवार के पास छत्तीसगढ़ का निवासी प्रमाण-पत्र होना जरूरी है। एक उम्मीदवार केवल एक विषय के लिए आवेदन कर सकता है।

उम्र कितनी होनी चाहिए?
उम्मीदवार की उम्र कम से कम 21 वर्ष होनी चाहिए और अधिकतम उम्र 35 वर्ष से कम होनी चाहिए।
आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी।
आरक्षित वर्गों और कुछ सरकारी कर्मचारियों को निर्धारित नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

चयन प्रक्रिया की शुरुआत सीजीएसएसबी की ओर से आयोजित लिखित परीक्षा से होगी। परीक्षा के बाद विभाग दस्तावेज और अन्य पात्रता शर्तों की जांच करेगा। चयन प्रक्रिया के प्रमुख चरण इस प्रकार हैं:

कैसे होगा लेक्चरर भर्ती का चयन?

लिखित परीक्षा: सीजीएसएसबी की ओर से 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ परीक्षा।
चयन सूची: लिखित परीक्षा के परिणाम के आधार पर तैयार होगी और छह महीने तक मान्य रहेगी।
प्रतीक्षा सूची: प्रत्येक श्रेणी में रिक्तियों के अधिकतम 25 प्रतिशत तक प्रतीक्षा सूची तैयार की जाएगी। यह नौ महीने तक मान्य रहेगी।
दस्तावेज सत्यापन: नियुक्ति प्राधिकारी प्रमाण-पत्रों की जांच करेगा।
चिकित्सा जांच: उम्मीदवार का चिकित्सकीय रूप से फिट होना जरूरी है। दिव्यांग उम्मीदवारों की दिव्यांगता और काम से जुड़ी जरूरतों के लिए जिला चिकित्सा बोर्ड से जांच कराई जाएगी।
चरित्र सत्यापन: चयनित उम्मीदवारों का पुलिस सत्यापन होगा।
परिवीक्षा अवधि: नियुक्त होने वाले लेक्चरर्स की परिवीक्षा अवधि तीन वर्ष होगी।