75 साल के दूल्हे की 12 घंटे बाद मौत, जौनपुर में 35 साल की महिला से रचाई शादी

जौनपुर में एक 75 साल के बुजुर्ग ने 35 साल की महिला से मंदिर में शादी की। शादी के 12 घंटे बाद ही बुजुर्ग की मौत हो गई। पत्नी का कहना है कि रात तक पति एकदम सही थे। सुबह अचानक उनकी गर्दन झुक गई। पत्नी ने बताया कि सोमवार को हमने पहले मंदिर में शादी की, फिर कोर्ट मैरिज की थी। रात में 1 बजे तक हमारे बीच बातचीत हुई। पति ने मुझे अपनी जायदाद देने की बात भी कही थी। मामला गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुछमुछ गांव का है। सोमवार को सगरू राम (75) ने मनभारती (35) के साथ शादी की थी। दोनों ने मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। दोनों ने पंडितजी का आशीर्वाद लिया और घर लौट आए। इसके बाद शादी को कोर्ट में भी रजिस्टर करा दिया। रात में पत्नी और उसके 3 बच्चों को लेकर सगरू राम अपने गांव पहुंचा।

बुजुर्ग की मंदिर में शादी का वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह खुशी-खुशी शादी करते दिख रहे हैं। जयमाला डालते ही वह खुद ही ताली बजाने लगते हैं। इसके बाद पत्नी की मांग में सिंदूर भरते हैं। इसी बीच वीडियो बनाने वाले कुछ लोग कहते हैं कि सही से मांग नहीं भरी। इस पर वह काफी देर तक सिंदूर लगाते हैं। शादी पूरी होने पर पत्नी उनके पैर छूती है, तो वह उसे आशीर्वाद देते हैं। गांव पहुंचने पर देर रात तक पति-पत्नी आपस में बात करते रहे। इसके बाद पत्नी बेटी को लेकर अंदर सोने चली गई। जबकि, सगरू राम 2 बेटों के साथ बाहर ही सो गए। सुबह चारपाई पर उनका शव मिला। उनकी गर्दन टेढ़ी हो गई थी। यह देखकर पड़ोसियों ने पत्नी मनभारती को बताया। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई।

सगरू राम की पहली शादी करीब 40 साल पहले बेलाव गांव की अनारी देवी से हुई थी। दोनों की कोई संतान नहीं थी। एक साल पहले अनारी देवी की बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद से सगरू राम अकेले रहते थे। करीब 2 बीघा जमीन और मकान उनके पास था।

उनके भतीजे और बाकी रिश्तेदार दिल्ली में रहते हैं। गांव में उनका कोई सहारा नहीं था। इसीलिए उन्होंने 3 बच्चों की मां मनभारती से शादी रचाई थी। मनभारती की पहली शादी इमलो पांडेय पट्टी में हुई थी। पहले पति की मौत 7 साल पहले बीमारी से हो गई थी। थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर ने बताया कि अभी तक ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है। अगर शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।