गुजरात टाइटंस IPL-18 से बाहर, मुंबई इंडियंस ने 20 रन से हराया

2022 की चैंपियन गुजरात टाइटंस IPL 2025 से बाहर हो गई है। उसे एलिमिनेटर मैच में मुंबई इंडियंस ने 20 रन से हराया। इसी के साथ मुंबई ने क्वालिफायर-2 में जगह बना ली है, जहां उसका मुकाबला एक जून को अहमदाबाद में पंजाब किंग्स से होगा। न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में शुक्रवार को मुंबई ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी। टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 228 रन बनाए। जवाबी पारी में गुजरात 20 ओवर में 6 विकेट पर 208 रन ही बना सकी। ट्रेंट बोल्ट ने 2 विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह, रिचर्ड ग्लीसन, मिचेल सैंटनर और अश्विनी कुमार को एक-एक विकेट मिला। साई सुदर्शन (80 रन) ने अर्धशतकीय पारी खेली। वॉशिंगटन सुंदर ने 48 रन बनाए। MI की ओर से रोहित शर्मा ने 50 बॉल पर 81 रनों की पारी खेली। उन्होंने 9 चौके और 4 छक्के लगाए। रोहित के अलावा, जॉनी बेयरस्टो ने 47, सूर्यकुमार यादव ने 33, तिलक वर्मा ने 25 और कप्तान हार्दिक पंड्या ने नाबाद 22 रन की पारी खेली। गुजरात के प्रसिद्ध कृष्णा और साई किशोर को 2-2 विकेट मिले।