सियासी गलियारों में छाई ‘हनुमान अंश’, फिल्म की टीम से मिले अमित शाह, सक्सेस पर दी बधाई
फिल्म हनुमान अंश का बॉक्स ऑफिस पर जलवा जारी है. मूवी की कमाई की रफ्तार 45वें दिन भी कम नहीं हुई है. इसने वर्ल्डवाइड 347 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है. हर कोई हनुमान अंश की कमाई को चमत्कार बता रहा है. एक वक्त ये फिल्म फ्लॉप होने की कगार पर थी. लेकिन अब ये ताबड़तोड़ कमाई कर रही है.
इस सक्सेस के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हनुमान अंश की टीम को बधाई दी है. 21 सितंबर को नई दिल्ली में हनुमान अंश की टीम ने अमित शाह से मुलाकात की. केंद्रीय मंत्री ने पूरी टीम को फिल्म की सफलता पर बधाई दी. फोटो में फिल्म के डायेक्टर विकास चतुर्वेदी, शोभिनव सत्य, साधु तिवारी और बाकी टीम मेंबर्स नजर आए. सबके चेहरे पर बड़ी सी स्माइल नजर आई.
हनुमान अंश का डंका फिल्मी सितारों, दर्शकों के अलावा राजनीतिक गलियारों में भी बज रहा है. कई राज्यों में इस मूवी को टैक्स फ्री किया गया है. पिछले दिनों फिल्म की टीम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिली थी. 19 सितंबर को फिल्म की टीम महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिली. ये मुलाकात गणेश चतुर्थी समारोह के दौरान हुई. फडणवीस ने निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और पूरी टीम को फिल्म की सफलता के लिए बधाई दी और भविष्य के प्रोजेक्ट्स के लिए शुभकामनाएं दीं. टीम ने इस दौरान गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया. दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से भी फिल्म की स्टारकास्ट मिली.
उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी ने भी ये फिल्म देखी. राज्य में मूवी को टैक्स फ्री किया. ये फिल्म उनके लिए खास रही क्योंकि उत्तराखंड में ही नीम करोली बाबा का धाम प्रसिद्ध कैंची धाम है. ये फिल्म महाराज जी के जीवन, प्रेम, सेवा और आध्यात्मिक संदेश को दुनिया तक पहुंचाती है. इसे 3 पार्ट्स में बनाया जाएगा. फैंस को इसके सेकंड पार्ट का इंतजार है.
