CG : स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल, 3 डॉक्टरों के तबादले, जानें किसे मिली कौन-सी जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य विभाग में तबादलों का सिलसिला लगातार जारी है। प्रशासनिक कसावट और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक बार फिर तीन डॉक्टरों के तबादले किए गए हैं। इस संबंध में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार, इस सूची में तीन चिकित्सकों के नाम शामिल हैं, जिनमें से दो को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए प्रभारी सिविल सर्जन बनाया गया है, जबकि एक डॉक्टर को नई प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी गई है। आदेश के मुताबिक, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. गायत्री कुर्रे (बांधी), जो वर्तमान में बिलासपुर जिले में पदस्थ थीं, उन्हें संभागीय संयुक्त संचालक, संभाग बिलासपुर के पद पर स्थानांतरित किया गया है। यह पद प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है, जहां स्वास्थ्य सेवाओं की मॉनिटरिंग और समन्वय की जिम्मेदारी रहती है।
इसी तरह, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. भेंऊज कुमार सिन्हा, जो शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुढ़ियारी (रायपुर) में पदस्थ थे, उन्हें प्रभारी सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, जिला चिकित्सालय रायपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति राजधानी के स्वास्थ्य प्रबंधन को मजबूत करने के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
वहीं, चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुण्येंद्र कुमार वैष्णव, जो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ में सेवाएं दे रहे थे, उन्हें प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पद पर पदस्थ किया गया है। इससे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन और निगरानी को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

