CG : चिल्फी घाटी में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर से टक्कर में ट्रक चालक की मौत

कबीरधाम जिले के चिल्फी घाटी क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। नेशनल हाईवे-30 पर बोड़ला के पास ट्रेलर और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिसमें ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है की, हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही, ट्रैफिक सुचारू करने के लिए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चिल्फी घाटी और बोड़ला क्षेत्र में कई ऐसे ब्लैक स्पॉट हैं, जहां लगातार हादसे होते रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।