छत्तीसगढ़ में कल से हीट वेव का अलर्ट, 4 दिन 4 डिग्री बढ़ेगा तापमान

छत्तीसगढ़ में अब भीषण गर्मी अपना असली रंग दिखाने वाली है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले दिनों में गर्मी के तेवर और भी कड़े होंगे. अगले चार दिनों के भीतर प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की भारी बढ़ोतरी होने की संभावना है. यानी जो शहर अभी 40 डिग्री के आसपास हैं, वहां पारा 44 डिग्री के करीब पहुंच सकता है. प्रदेश में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है.मौसम विभाग के अनुसार, कल यानी 16 अप्रैल से प्रदेश के तीन संभागों, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग के कुछ इलाकों में हीट वेव चलने की प्रबल संभावना है. फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह से शुष्क बना हुआ है और आने वाले दो दिनों तक बारिश की कोई गुंजाइस नहीं है. प्रदेश में कोई भी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है जिस वजह से सूरज की सीधी किरणें धरती को और ज्यादा तपाएंगी.

पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डाले तो प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान राजधानी रायपुर का रहा है, यहां तापमान 41.2 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं, सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 17.9 डिग्री रहा. अब उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में भी गर्मी तेजी से बढ़ने वाली है. आज रायपुर का आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है.

14 अप्रैल को रायपुर में 41.2 डिग्री, बिलासपुर में 40.5 डिग्री, राजनांदगांव में 39.4 डिग्री, दुर्ग में 39.0 डिग्री, जगदलपुर में 38.9 डिग्री, अंबिकापुर में 36.8 डिग्री तापमान दर्ज किया.

मौसम विभाग ने हालांकि अभी कोई रेड अलर्ट जारी नहीं किया है, लेकिन 16 अप्रैल से लू की संभावना को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बेवजह घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सूती कपड़े पहनने की हिदायत दी गई है.