छत्तीसगढ़ बॉयलर हादसे पर पीएम-सीएम ने जताया दुख, 16 की मौत, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
छत्तीसगढ के सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट में सोमवार को भीषण हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया. सिंघीताई में स्थित 600 मेगावॉट यूनिट-1 में बॉयलर फटने से बड़ा विस्फोट हुआ, जिसमें 16 लोगों की जान चली गई है. जबकि 30 से 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है और कई की हालत गंभीर बनी हुई है. हादसे के बाद प्लांट परिसर और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया. कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने खुद मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए. एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को सक्रिय कर घायलों को प्राथमिकता के आधार पर इलाज मुहैया कराया जा रहा है. प्रशासन का कहना है कि पूरी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ में हुए हादसे पर दुख जताया है. पीएम मोदी ने पोस्ट में लिखा- मैं उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. ईश्वर करे कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं. स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है. PMNRF की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.
The mishap at a power plant in Sakti district, Chhattisgarh, is tragic. I extend my condolences to those who have lost their loved ones. May the injured recover at the earliest. The local administration is assisting those affected.
An ex-gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF would be…
— PMO India (@PMOIndia) April 14, 2026
वहीं छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पोस्ट शेयर कर भीषण दुर्घटना पर दुख जताया है. उन्होंने लिखा, ‘सक्ती जिले में सिंघीतराई स्थित ‘वेदांता पावर प्लांट’ में बॉयलर फटने से हुई भीषण दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है. इस दुर्घटना में कुछ श्रमिकों के निधन और घायल होने का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है. मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें. जिला प्रशासन मौके पर मौजूद है, राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है. घायलों के बेहतर उपचार हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि इस दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो. घटना की गहन और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी. इसमें जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुई हृदयविदारक दुर्घटना पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने इस दुःखद घड़ी में अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए मृतकों के शोकाकुल परिजनों को 5 लाख रुपये और घायलों के त्वरित उपचार हेतु 50…
— CMO Chhattisgarh (@ChhattisgarhCMO) April 14, 2026
इस दर्दनाक घटना पर छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी कंपनी के प्लांट में इस तरह का हादसा होना कई सवाल खड़े करता है. बॉयलर की जांच हुई थी या नहीं, वह कितने पुराने थे, इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए. वहीं पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर दुख जताया है. ‘उन्होंने कहा कि सक्ती जिले की में बॉयलर ब्लास्ट की सूचना अत्यंत पीड़ादायक है. वहीं उन्होंने लिखा है, कि ईश्वर दिवंगत जनों को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें.’
प्रशासन ने पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं. कलेक्टर ने कहा है कि हादसे के हर पहलू की बारीकी से जांच की जाएगी और जल्द रिपोर्ट तैयार की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
वहीं वेदांता प्लांट प्रबंधन की ओर से बयान जारी कर बताया गया है कि यह दुर्घटना दोपहर करीब 2:30 बजे यूनिट-1 में हुई, जिसका संचालन ठेका कंपनी एनजीएसएल द्वारा किया जा रहा था. हादसे में प्रभावित कर्मचारियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और उनके इलाज में हरसंभव मदद दी जा रही है
