राजस्थान में तेज बारिश के साथ ओले गिरे, केदारनाथ-बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब में बर्फबारी

राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से मौसम बदल गया है। गुरुवार को 7 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश के साथ ओले गिरे। बारिश और ओले गिरने से तापमान 5 डिग्री तक गिर गया है। आज भी 7 जिलों में बारिश और ओले गिरने का अलर्ट है।

उत्तराखंड के 8 जिलों में आज बारिश का अलर्ट है। इससे पहले गुरुवार को केदारनाथ, चोपता, हेमकुंड साहिब और बद्रीनाथ के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई। शुक्रवार सुबह केदारनाथ में तापमान -6°C और बद्रीनाथ में -5°C दर्ज किया गया।

बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के बाद अब पछुआ हवा चल रही है। राज्य के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 17 और 18 अक्टूबर को उत्तर बिहार के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है।

यूपी में मौसम विभाग ने आज 37 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई है। कासगंज में बिजली गिरने से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। मध्य प्रदेश के ऊपरी हिस्से में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव हैं। इनके असर से अगले 4 दिन तक ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, सागर और रीवा संभाग में मौसम बदला रहेगा। शुक्रवार को ग्वालियर, श्योपुर, भिंड, मुरैना और शिवपुरी में आंधी-बारिश का अलर्ट है।