जयपुर : मिलावट के खिलाफ कार्रवाई, 300 किलो नकली पनीर जब्त, 4 गिरफ्तार

जयपुर : त्योहारी सीजन की आहट के साथ ही मिलावटखोर सक्रिय हो गए हैं। आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले ऐसे ही तत्वों के खिलाफ हरमाड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई कर 300 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी पनीर जब्त किया। पुलिस ने मामले में सप्लाई और खरीद-फरोख्त से जुड़े 4 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पनीर के नमूने लिए और जांच के लिए लैब भिजवाए। वहीं संदिग्ध पनीर को मौके पर ही जेसीबी की मदद से गहरा गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया

पुलिस ने बताया कि मंगलवार देर रात कांस्टेबल देशराज तेतरवाल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरमाड़ा घाटी स्थित बजरंग विहार के प्लॉट नंबर बी-44 पर एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में पनीर उतारा जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर पनीर सप्लाई लेकर आए और उसे खरीदने वाले समेत कुल 4 लोगों को दबोच लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार गुप्ता और नरेश कुमार ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई कर पनीर के नमूनों को सील कर लैब जांच के लिए भेजा।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मिलावटी पनीर अलवर के रामगढ़ से पिकअप में भरकर जयपुर लाया जा रहा था। जयपुर में इसकी डिलीवरी खरीदार अशोक पारीक को दी जानी थी, जहां अशोक पारीक इसे बाइक के जरिए आसपास के मिष्ठान भंडारों व मिठाई दुकानों पर सप्लाई करने वाला था। बाजार में शुद्ध व गुणवत्तापूर्ण पनीर की कीमत 360 रुपए प्रति किलो है, जबकि मिलावटी पनीर मात्र 240 रुपए प्रति किलो दर से दुकानों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस ने कार्रवाई कर सप्लाई में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी और अलवर रामगढ़ निवासी साहिल खान (21), रामगढ़ खालसा नगर निवासी मुस्तफा खान, रामगढ़ वार्ड 4 निवासी तालीम खान व हरमाड़ा घाटी बजरंग विहार निवासी अशोक पारीक को गिरफ्तार किया है।