औरैया में दारोगा की बहू को रील का चस्का! सीधे एसपी की कुर्सी में बैठकर बनाया वीडियो, मचा हड़कंप
औरैया। दारोगा ससुर के रिटायरमेंट (सेवानिवृत्ति) पार्टी में बहू ने वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। कुर्सी पर बैठ फिल्मी अंदाज में शेरों शायरी का वीडियो बना दिया। वीडियो में बैकग्राउंड में ”तू मुझ को देख, फिर से देख और सोच, टूटकर जो संभलते हैं, वो कितने हसीन होते हैं।” यह शायरा अंदाज रहा। बुधवार देर शाम पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी स्पष्टीकरण में बताया गया कि 30 जून को चार पुलिसकर्मियों के सेवानिवृत्ति समारोह के दौरान यह सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक की बहू ने भूलवश वीडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर दिया।
ककोर स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में चार पुलिसकर्मियों के सेवानिवृत्ति समारोह का आयोजन किया गया था। इस दौरान एक सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक (दारोगा) के स्वजन ने भूलवश कार्यक्रम का वीडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर दिया। जिसे हटा माफी मांगी है।
वीडियो में दारोगा की बहू कांफ्रेंस हाल की कुर्सी पर बैठी दिखी। वीडियो बनाने के चक्कर में यह भूल गई की माहौल, जगह व स्थिति क्या है। एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि सेवानिवृत्त दारोगा के स्वजन द्वारा माफी मांग ली गई है। वीडियो भी हटा लिया गया है।
