बेंगलुरु में भारी बारिश,अस्पताल की दीवार गिरने से 7 मौतें, इनमें 3 बच्चे शामिल, 7 घायलों का रेस्क्यू

बेंगलुरु में बुधवार को भारी बारिश के बीच हॉस्पिटल की दीवार गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 बच्चे भी शामिल हैं। 7 घायलों का रेस्क्यू किया गया है। हादसे के समय सड़क किनारे मौजूद वेंडर और राहगीर मलबे की चपेट में आ गए। कई लोग मलबे में दब गए थे, जिन्हें रेस्क्यू टीम ने बाहर निकाला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के कारण बोवरिंग एंड लेडी कर्जन हॉस्पिटल की दीवार कमजोर हो गई थी। हालांकि, प्रशासन ने कहा है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मृतकों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपए मुआवजे की घोषणा की।

उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिया है। वहीं विपक्ष ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए सरकार की आलोचना की है। सरकार का कहना है कि वहां रेहड़ी-पटरी वालों को सामान बेचने की अनुमति दी गई थी। 7 घायलों में से 3 केरल से थे और बेंगलुरु घूमने आए थे। वहीं, मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि हादसा इतना भयानक था कि मलबे से शवों को बाहर निकालना पड़ा और कुछ लोगों को अपने पैर तक गंवाने पड़े।