मातम में बदलीं खुशियां.. बारातियों से भरी बस पलटी… तीन की मौत.. आठ की हालत गंभीर

मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां मुरैना में तोमर परिवार के घर शादी की तैयारियां चल रही थीं। हादसे की खबर मिलते ही खुशियां मातम में बदल गईं। उज्जैन में दुल्हन पक्ष को भी सूचना दी गई। दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। दरअसल, मुरैना से उज्जैन जा रही बारातियों से भरी धर्मेंद्र ट्रेवल्स की बस काचरी गांव के पास नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 26 बाराती घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। ब्यावरा पुलिस के अनुसार, घटना सुबह 6 बजे की है। मुरैना के तोमर परिवार की बारात लेकर बस उज्जैन जा रही थी। बस में 45 लोग सवार थे। ब्यावरा शहर से पहले काचरी गांव के पास तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। बस के शीशे तोड़कर लोगों को बाहर निकाला गया। कई यात्री सीटों के बीच फंसे हुए थे। ग्रामीणों ने तुरंत डायल 100 और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई।

सभी घायलों को ब्यावरा सिविल अस्पताल लाया गया। अस्पताल परिसर में परिजनों की भीड़ और चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। 26 घायलों में से 8 की हालत नाजुक बताई जा रही है। सिर, छाती और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट के चलते आठ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर कर दिया गया। शेष 18 घायलों का इलाज ब्यावरा सिविल अस्पताल में चल रहा है। मृतकों की पहचान की जा रही है।

घायलों में 7 महिलाएं और 4 बच्चे शामिल हैं। एक महिला ने बताया कि सभी लोग शादी की खुशी में गीत गाते हुए जा रहे थे। अचानक जोर का झटका लगा और बस पलट गई। किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। एक पांच साल का बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार और एसडीओपी ब्यावरा अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए।