मलेशिया में पुलिस का हेलिकॉप्टर सीधे नदी में गिरा, टेक ऑफ के कुछ मिनट बाद तकनीकी खराबी आई, 5 क्रू मेंबर बचाए गए

मलेशिया के जोहोर राज्य में बुधवार सुबह एक पुलिस हेलिकॉप्टर आपात लैंडिंग के दौरान सीधे नदी में जा गिरा। यह हादसा सुंगाई पुलाई इलाके में हुआ। उस वक्त हेलिकॉप्टर नियमित सैन्य अभ्यास (MITSATOM 2025) में शामिल था। हेलिकॉप्टर में सवार पांचों क्रू मेंबर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी घायल अफसरों को जोहोर बारू के सुल्ताना अमीना अस्पताल में भर्ती कराया गया। मलेशिया की सिविल एविएशन अथॉरिटी ने कहा है कि हादसे की जांच एयर एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो करेगा। मलेशिया के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAAM) के मुताबिक, हेलिकॉप्टर ने सुबह 9:51 बजे तंजुंग कुपांग पुलिस स्टेशन से उड़ान भरी थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में तकनीकी गड़बड़ी के कारण इसे आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। यह लैंडिंग नदी में जाकर हुई। नदी में गिरने के तुरंत बाद समुद्री पुलिस बल ने सभी पांचों क्रू मेंबर्स को बचाया और उन्हें पास के मलेशियाई समुद्री प्रवर्तन एजेंसी (MMEA) जेटी पर लाया गया। इसके बाद सभी को इलाज के लिए भेजा गया।
इस हादसे में कोई जान नहीं गई, लेकिन मलेशियाई नागरिक उड्डयन नियामक ने इसे गंभीर विमानन घटना मानते हुए जांच शुरू कर दी है। हादसे का शिकार हुआ हेलिकॉप्टर फ्रांस में निर्मित Airbus AS355N मॉडल था। यह एक लाइट यूटिलिटी सिंगल-रोटर हेलिकॉप्टर है। इसका प्रोडक्शन 1975 से 2016 तक हुआ था और इसका उपयोग दुनियाभर में सुरक्षा बलों, प्राइवेट चार्टर और कॉर्पोरेट सेवाओं द्वारा किया जाता है। मलेशियाई पुलिस को यह हेलिकॉप्टर 1996 में डिलीवर किया गया था। 2023 के नवंबर में इन्हें बदलने के लिए नए टेंडर बुलाए थे। हादसे से यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या पुराने एयरक्राफ्ट की सेवा अवधि खत्म हो चुकी है और क्या भविष्य में ऐसे और हादसे रोके जा सकते हैं