हॉलीवुड भी फेल.. सुरंग के नीचे से बैंक की खोद डाली दीवार, 3000 लॉकर तोड़ 300 करोड़ की डकैती से पूरा देश हैरान

नए साल से ठीक पहले जर्मनी में एक सनसनीखेज बैंक डकैती ने सबको हैरान कर दिया है पश्चिमी जर्मनी के गेल्सेनकिर्चेन शहर में चोरों ने फिल्मी अंदाज में बैंक की तिजोरी लूट ली.अनुमान है कि चोर करीब 30 मिलियन यूरो यानी लगभग 300 करोड़ रुपये की कीमत का माल लेकर फरार हो गए. न्यूज एजेंसी में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि चोरों ने क्रिसमस और नए साल की लंबी छुट्टियों का फायदा उठाया, जब बैंक बंद था. तब उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया. जांच एजेंसियों के मुताबिक, चोर बैंक की अंडरग्राउंड पार्किंग के रास्ते अंदर दाखिल हुए. इसके बाद उन्होंने भारी मशीनों की मदद से दीवार में ड्रिल कर सीधे वॉल्ट एरिया तक पहुंच बना ली.
यह काम इतना सटीक और योजनाबद्ध था कि किसी को भनक तक नहीं लगी. पुलिस का मानना है कि इस वारदात को बेहद संगठित और प्रोफेशनल गैंग ने अंजाम दिया है.

बैंक के अंदर घुसते ही चोरों ने 3,000 से ज्यादा सेफ-डिपॉजिट लॉकर तोड़ डाले. इन लॉकरों में नकदी के अलावा भारी मात्रा में सोना और कीमती गहने रखे थे. हर लॉकर की औसत कीमत करीब 10,000 यूरो मानी जा रही है. इसी आधार पर शुरुआती अनुमान में नुकसान 30 मिलियन यूरो आंका गया है. कई ग्राहकों का कहना है कि उनके लॉकर में रखी संपत्ति बीमा राशि से कहीं ज्यादा थी.

इस महाचोरी का खुलासा तब हुआ, जब सोमवार को बैंक बिल्डिंग के अंदर फायर अलार्म बज गया. मौके पर पहुंची इमरजेंसी सर्विस और पुलिस ने जब अंदर का मंजर देखा, तो हर कोई हैरान रह गया. वॉल्ट एरिया पूरी तरह तबाह था और लॉकर टूटे पड़े थे. CCTV फुटेज में एक ब्लैक Audi RS6 कार को तड़के पार्किंग से निकलते देखा गया है. कार में बैठे लोग मास्क पहने हुए थे. पुलिस ने पुष्टि की है कि इस कार पर लगी नंबर प्लेट पहले से चोरी की गई थी, जो उत्तरी जर्मनी के हनोवर शहर से चुराई गई थी.

घटना के बाद से बैंक शाखा के बाहर ग्राहकों की भारी भीड़ देखी जा रही है. लोग अपने लॉकर और कीमती सामान की जानकारी लेने पहुंच रहे हैं. पुलिस ने ग्राहकों से फिलहाल अलग-अलग शिकायत दर्ज न कराने की अपील की है और बैंक के जरिए ही नुकसान की रिपोर्ट देने को कहा है.

फिलहाल इस हाई-प्रोफाइल डकैती में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस CCTV फुटेज, गवाहों के बयान और तकनीकी सबूतों के आधार पर चोरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.