‘बउआ जल्दी पकड़ लो…’ अपनी साड़ी दी, पत्नी के सामने यमुना में बह गया सुहाग, Video

कानपुर में युमना नदी में नहाते समय युवक गहराई में चला गया और यमुना के तेज बहाव में फंस गया और डूबने लगा. इस पूरी घटना का एक दर्दनाक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा और सुना जा सकता है कि कैसे पत्नी अपने पति को आंखों के सामने डूबता देख बदहवास होकर उसे बचाने की गुहार लगा रही है. मन्नत पूरी होने की खुशी पल भर में मातम में बदल गई. पत्नी चिल्लाती रही बउआ जल्दी पकड़ लो… अपनी साड़ी दी, लेकिन, पति की जान नहीं बच सकी. घटन का एक वीडियो सामने आया है जो दहलाने वाला है. यह घटना कानपुर के मूसानगर थाना क्षेत्र की है. जहां मुक्ता देवी धाम में दर्शन करने के लिए आया एक 25 वर्षीय युवक अपनी पत्नी के सामने यमुना नदी में नहाते समय डूब गया.

जनकारी के अनुसार, कानपुर नगर के घाटमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पतारा गांव में रहने वाले गंगाराम का 25 वर्षीय बेटा मोहित अपनी पत्नी अंजना, साले निकेश और सलहज अंजलि के साथ मूसानगर स्थित मुक्ता देवी धाम आया था्. मोहित और अंजना की शादी दो साल पहले पाली नरवल में हुई थी. शादी के बाद मांगी गई एक मन्नत पूरी होने पर पूरा परिवार खुशी-खुशी माता रानी के दर्शन और आशीर्वाद लेने के लिए इस पवित्र धाम में पहुंचा था.

धाम में दर्शन करने के बाद मोहित ने यमुना नदी में स्नान करने की इच्छा जताई. साले निकेश ने नदी की गहराई और खतरे को भांपते हुए उसे नहाने से मना किया, लेकिन मोहित ने कहा कि वह बस कुछ ही देर में नहाकर लौट आएगा. मोहित के पीछे-पीछे निकेश भी नदी की ओर चला गया.

नदी में नहाते समय मोहित गहराई में चला गया और यमुना के तेज बहाव में फंस गया और डूबने लगा. इस पूरी घटना का एक दर्दनाक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा और सुना जा सकता है कि कैसे पत्नी अंजना अपने पति को आंखों के सामने डूबता देख बदहवास होकर उसे बचाने की गुहार लगा रही है. वह बार-बार कहती है, बउआ जल्दी पकड़ लो…वो बुला रहे हैं. भइया जल्दी जाओ, साड़ी फेंको. निकेश और घाट पर मौजूद कुछ लोगों ने मोहित को बचाने का प्रयास करते हैं, लेकिन यमुना के तेज बहाव के कारण वे उसे बचा नहीं पाते. हादसे की सूचना पर मूसानगर थाना प्रभारी (एसओ) रीना गौतम दलबल के साथ मौके पर पहुंचीं. गोताखोरों ने मोहित को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं. एसओ रीना गौतम ने बताया कि मृतक के पिता गंगाराम की सूचना के आधार पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया. इसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया.