गुजरात के अहमदाबाद में सेल्स गर्ल 1.5 करोड़ सोने की ज्वैलरी लेकर फरार, CCTV में कैद हुई घटना-वीडियो

गुजरात के अहमदाबाद में चौंका देने वाली घटना सामने आई है। ऐसे में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक साल तक लोगों से सोने की गहने नहीं खरीदने की अपील की है तब अहमदाबाद के निकोल इलाके में एक जाने-माने ज्वेलरी शोरूम में काम करने वाली एक महिला सेल्स गर्ल 1.5 करोड़ के गहने लेकर फरार हो गई। दिखने में काफी सुंदर सेल्सगर्ल महिला पिछले 11 महीनों से शोरूम में काम कर रही थी। यह वाकया सीसीटीवी में कैद हुआ है। सेल्सगर्ल द्वारा चुराई गई सोने की ज्वैलरी की कीमत 1.5 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। शोरूम से ज्वैलरी गायब होने पर मालिक ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो चोरी का खुलासा हुआ। फुटेज में पता चला है कि महिला कर्मचारी ज्वेलरी लेकर मुस्कुराते हुए इस तरह जाती दिख रही है जिससे किसी को शक न हो। अहमदाबाद पुलिस निकोल थाने में पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू की है। सेल्स गर्ल ने जिस शोरूम में चोरी की वह निकोल में अनमोल सर्कल के पास ग्रेविटी शॉपिंग मॉल में स्थित है। फुटेज में साफ हुआ है कि सेल्स गर्ल ने ज्वैजरी को अपनी शूट-पैंट में छिपाया। सेल्स गर्ल अंगूठी, चेन, लकी चार्म, पायल, मंगलसूत्र लेकर फरार हुई है।

शोरूम के संचालक दर्शन शाह ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उनके यहां कुल 19 कर्मचारी काम करते हैं। इनमें मैनेजर, सेल्समैन, मार्केटिंग स्टाफ, हेल्पर और सिक्योरिटी कर्मचारी शामिल हैं। करीब 11 महीने पहले हर्षिदा शेट्टी नाम की युवती मार्केटिंग और सेल्स स्टाफ के तौर पर शोरूम में नियुक्त हुई थी। एफआईआर के अनुसार 11 मई 2026 को दोपहर करीब 2 बजे दर्शन शाह भोजन के लिए घर गए थे। उस दौरान शोरूम में मैनेजर और अन्य कर्मचारी मौजूद थे। शाम करीब 5 बजे जब वे वापस लौटे, तब एक ग्राहक को आभूषण दिखाने के दौरान स्टाफ सदस्य कंजीभाई को ट्रे में रखी एक सोने की लक कम दिखाई दी।

जांच के दौरान पता चला कि कर्मचारी हर्षिदा शेट्टी शोरूम में मौजूद नहीं थी। अन्य कर्मचारियों ने बताया कि वह इमरजेंसी काम का हवाला देकर करीब साढ़े चार बजे निकल गई थी और कहा था कि उसने मालिक से अनुमति ले ली है। हालांकि शिकायतकर्ता के मुताबिक उन्होंने कोई अनुमति नहीं दी थी। इसके बाद शोरूम के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। शिकायत के मुताबिक फुटेज में हर्षिदा शेट्टी शाम 4 बजे से 4:30 बजे के बीच अपनी सीट के पीछे बने कबाट से सोने के आभूषण निकालकर पैंट और कपड़ों के खिस्सों में रखती दिखाई दी। इसके बाद वह दूसरे माले पर स्थित स्टोर रूम में गई और अपनी बैग लेकर शोरूम से बाहर निकल गई।