ICC रैंकिंग में बड़ा उलटफेर, मिचेल स्टार्क बने नंबर 1 गेंदबाज… जसप्रीत बुमराह की छिनी गद्दी
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अब नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज नहीं रहे. ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने ICC (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) टेस्ट रैंकिंग में बड़ा उलटफेर करते हुए दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज का स्थान हासिल कर लिया है.
36 साल के स्टार्क ने बांग्लादेश के खिलाफ मैके में खेले गए दूसरे टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने पूरे मुकाबले में 10 विकेट झटके और यही प्रदर्शन उन्हें करियर में पहली बार टेस्ट गेंदबाजों की ICC रैंकिंग में टॉपर पोजीशन हासिल की.
मिचेल स्टार्क अपने 15 साल के टेस्ट करियर में लंबे समय तक दुनिया के टॉप-10 गेंदबाजों में बने रहे हैं. पिछले साल के आखिर में इंग्लैंड के खिलाफ एशेज (Ashes) सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद वह टॉप-3 में पहुंचे थे.
लेकिन टेस्ट करियर में वह कभी नंबर-1 के सिंहासन तक नहीं पहुंच पाए थे. अब बांग्लादेश के खिलाफ 10 विकेट लेने के बाद स्टार्क ने आखिरकार यह उपलब्धि भी हासिल कर ली. स्टार्क ने रैंकिंग में दो स्थान की छलांग लगाई और जसप्रीत बुमराह तथा न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी को पीछे छोड़ दिया.
जसप्रीत बुमराह पहली बार फरवरी 2024 में टेस्ट गेंदबाजों की ICC रैंकिंग में नंबर-1 बने थे. इसके बाद करीब दो साल तक वह ज्यादातर समय शीर्ष स्थान पर बने रहे. हालांकि भारत और श्रीलंका के बीच चल रही ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) सीरीज में बुमराह हिस्सा नहीं ले रहे हैं.
दूसरी ओर स्टार्क ने बांग्लादेश के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया. बुमराह की गैरमौजूदगी और स्टार्क के शानदार फॉर्म का असर ताजा ICC रैंकिंग पर साफ दिखाई दिया. स्टार्क अब नंबर-1 हैं, जबकि बुमराह दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं. न्यूजीलैंड के मैट हेनरी भी एक स्थान नीचे आते हुए तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं.
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान और तेज गेंदबाज पैट कमिंस को भी ताजा टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में फायदा हुआ है. बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने कुल छह विकेट लिए थे. कमिंस एक स्थान की छलांग लगाकर चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं. वहीं ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी ऑफ स्पिनर नाथन लियोन (Nathan Lyon) को दो स्थान का फायदा हुआ है और वह अब टॉप-10 में पहुंच गए हैं.
इंग्लैंड के ओली रॉबिन्सन और जोश टंग ने भी टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है. पाकिस्तान के खिलाफ हेडिंग्ले में खेले गए पहले टेस्ट में दोनों गेंदबाजों ने मिलकर 16 विकेट झटके थे. इंग्लैंड ने इस मुकाबले में एकतरफा जीत हासिल की.रॉबिन्सन को 15 स्थान का फायदा हुआ और वह 11वें नंबर पर पहुंच गए हैं. वहीं जोश टंग ने 16 स्थान की छलांग लगाकर 17वां स्थान हासिल किया है.
ICC टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में टॉप-4 में कोई बदलाव नहीं हुआ है. इंग्लैंड के हैरी ब्रूक नंबर-1 बने हुए हैं. हमवतन जो रूट दूसरे नंबर पर हैं. ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ तीसरे और ट्रेविस हेड (Travis Head) चौथे स्थान पर कायम हैं.
भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को ताजा रैंकिंग में बड़ा फायदा हुआ है. श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में भारत की जीत के दौरान पंत ने दूसरी पारी में तेज अर्धशतक लगाया था. इस पारी का उन्हें ICC रैंकिंग में फायदा मिला.पंत छह स्थान की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं और अब टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में टॉप-10 का हिस्सा हैं.
