बालाजी-चंद्रशेखर ने कानकुन टेनिस ओपन जीता, फाइनल में मैक्सिको और बेलारूस की जोड़ी को हराया

भारत के एन. श्रीराम बालाजी और अनिरुद्ध चंद्रशेखर ने मैक्सिको में खेले गए कानकुन कंट्री टेनिस ओपन का डबल्स खिताब जीत लिया है। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में मैक्सिको के मिगुएल एंजेल रेयेस-वरेला और बेलारूस के इवान ल्युटारेविच को 6-3, 7-6(4) से हराया।

इस जीत के साथ बालाजी और अनिरुद्ध को 125-125 एसोसिएशन ऑफ टेनिस प्रोफेशनल्स रैंकिंग पॉइंट्स और 9,900 डॉलर (करीब 9.5 लाख रुपए) की इनामी राशि मिली।

फाइनल के पहले सेट में दोनों जोड़ियों के बीच मुकाबला कड़ा रहा, लेकिन भारतीय जोड़ी ने अहम मौकों पर बढ़त बनाते हुए सेट 6-3 से अपने नाम किया। भारतीय जोड़ी ने पहली सर्विस पर 68% और दूसरी सर्विस पर 81% अंक जीते। दूसरे सेट में भी मुकाबला बराबरी का रहा और सेट टाईब्रेकर तक पहुंचा। बालाजी और अनिरुद्ध ने टाईब्रेकर में 7-4 से जीत दर्ज की और 7-6(4) से दूसरा सेट अपने नाम करते हुए खिताब जीत लिया।

कानकुन की जीत अनिरुद्ध चंद्रशेखर के लिए चैलेंजर सर्किट का 11वां खिताब है। यह 2026 में उनका दूसरा खिताब भी है। इस साल इससे पहले अनिरुद्ध ने जापान के ताकेरू युजुकी के साथ बुसान ATP चैलेंजर 125 का खिताब जीता था।

बालाजी के लिए यह जीत और भी खास रही। यह उनका 2026 का पांचवां चैलेंजर खिताब है। इस साल उनके पहले चार चैलेंजर खिताब ऑस्ट्रिया के नील ओबरलाइटनर के साथ आए थे। कानकुन में अनिरुद्ध के साथ खिताब जीतने के बाद बालाजी के चैलेंजर सर्किट पर कुल खिताबों की संख्या 15 हो गई है।