बिना चीनी के बनाएं मलाईदार ठंडी-ठंडी लस्सी, मास्टर शेफ कर चुके हैं अप्रूव
गर्मियों की शुरुआत हो चुकी है और इस मौसम में ठंडी लस्सी हर किसी को पसंद आती है. लेकिन ठंडक देने के साथ ही साधारण लस्सी में चीनी भी इस्तेमाल होती है जिसका ज्यादा सेवन सेहत के लिए ठीक नहीं है.सेहत के प्रति सजग लोग भी इसे पीने से कतराते हैं. ऐसे में हम आपको एक ऐसी लस्सी की रेसिपी बता रहे हैं जो बिना चीनी के बनती है. मास्टर शेफ इंडिया में एक कंटेस्टेंट ने इस लस्सी को बनाया था और शो के सभी जजों ने इस लस्सी को खूब पसंद भी किया था.
इस लस्सी को बनाने के लिए सबसे पहले गाढ़ा दही लें. अब इसमें थोड़ी सी सौंफ, गुड़ और पुदीना की पत्तियां डालें. ऊपर से जरा ही अदरक भी घिसकर डाल दें. अब पानी डालकर इसे मिक्सर में डालकर चला लें. अब आप चाहें तो इसमें भीगा हुआ तुकमलंगा यानी बेसिल सीड्स को भी मिला सकते हैं. यह ऑप्शनल है.अब लस्सी को कांच के गिलास में निकाल लें और ऊपर से बर्फ के टुकड़े भी डाल सकते हैं.
लस्सी के ऊपर पुदीना की पत्ती, कटे बादाम और पिस्ता डालकर सर्व कीजिए.
