इमरान खान की Ex वाइफ जेमिमा ने शेयर कीं शादी की तस्वीरें, बेटों संग दिखा बेहद खास पल
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान की पूर्व पत्नी और फिल्म प्रोड्यूसर जेमिमा गोल्डस्मिथ ने अपनी जिंदगी में नई शुरुआत की. 52 वर्षीय जेमिमा ने 12 सितंबर को 62 वर्षीय कारोबारी कैमरन ओ’रेली के साथ शादी की. उन्होंने 16 सितंबर को अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर इस खास दिन की तस्वीरें साझा कीं.
जेमिमा गोल्डस्मिथ ने शादी समारोह को बेहद निजी रखा था. शादी की जानकारी सबसे पहले उनकी भाभी जेमिमा जोन्स की इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए सामने आई थी. इसके बाद जेमिमा ने खुद तस्वीरें साझा कर अपने प्रशंसकों को इस नए सफर की झलक दिखाई.
शादी का सबसे भावुक पल तब आया, जब जेमिमा के दोनों बेटे सुलेमान खान और कासिम खान उन्हें चर्च के भीतर लेकर गए. दोनों ने सूट और हल्के नीले रंग की वेस्टकोट पहनी थी. तस्वीरें शेयर करते हुए जेमिमा ने अपने बेटों का विशेष रूप से आभार जताया. उनके लिए यह पल इसलिए भी खास था क्योंकि शादी में परिवार की अगली पीढ़ी ने सक्रिय भूमिका निभाई.
जेमिमा गोल्डस्मिथ की सौतेली बेटी टायरियन व्हाइट मेड ऑफ ऑनर बनीं. कैमरन ओ’रेली की बेटियां स्वाशा और तारा ब्राइड्समेड रहीं, जबकि एडी और एलिजा भी शादी की पार्टी का हिस्सा थीं. कैमरन के बेटे इलियट और ऑस्कर ने बेस्ट मैन की जिम्मेदारी संभाली. ब्लूई और आर्थर ने वेडिंग पार्टी को कम्पलीट किया.
जेमिमा गोल्डस्मिथ ने शादी के लिए ऑस्कर डे ला रेंटा का टी-लेंथ स्ट्रैपलेस गाउन चुना. सफेद ड्रेस में हॉरिजॉन्टल बैंडिंग, शीयर ट्यूल और कमर पर फ्लोरल एप्लीक था. उन्होंने सॉफ्ट वेवी हेयरस्टाइल के साथ मोतियों से सजा लंबा घूंघट पहना. शादी से पहले की फिटिंग की तस्वीर में वह अपनी स्टाइलिस्ट टीम के साथ आखिरी तैयारियों में व्यस्त नजर आईं.
चर्च की औपचारिक रस्म के बाद रिसेप्शन का माहौल ज्यादा सहज रहा. जेमिमा गोल्डस्मिथ ने सफेद मिनी ड्रेस पहनी, जिसके कंधों पर प्लीटेड डिजाइन थी. सामने आई तस्वीरों में वह कैमरन ओ’रेली के साथ हाथ थामे नजर आईं. समारोह में अंजीर और बेरीज से सजाया गया वेडिंग केक भी मौजूद था.
जेमिमा गोल्डस्मिथ ने 1995 में 21 साल की उम्र में इमरान खान से शादी की थी. शादी के बाद वह पाकिस्तान चली गई थीं. करीब नौ साल बाद 2004 में दोनों अलग हो गए. इस रिश्ते से उनके दो बेटे हैं.
