भारत हॉकी वर्ल्डकप के सेमीफाइनल की रेस से बाहर, अर्जेंटीना ने 5-3 से हराया

भारतीय पुरुष टीम हॉकी वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई है। उसे एम्सटेलवीन के वेगनर स्टेडियम में सोमवार को अर्जेंटीना ने 5-3 से हराया। भारत को सेमीफाइनल की उम्मीद बनाए रखने के लिए अर्जेंटीना को कम से कम 2 गोल से हराना जरूरी था। लेकिन खराब डिफेंस के कारण अर्जेंटीना ने मैच पर कब्जा कर लिया।

भारत ने 5 मैचों में 16 गोल खाए। अर्जेंटीना के खिलाफ मजबूत नतीजे की जरूरत वाले इस टूर्नामेंट में भारतीय डिफेंस की कमजोरियां टीम पर भारी पड़ीं।

भारत अब 7वें और 8वें स्थान के लिए होने वाले क्लासिफिकेशन मैच में बेल्जियम से खेलेगा। एक दिन पहले भारतीय महिला टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी।

अर्जेंटीना ने पहले ही मिनट में जोआक्विन टोस्कानी ने फील्ड गोल कर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। छठे मिनट में निकोलस डेला टोरे ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर बढ़त 2-0 कर दी।

भारत की ओर से सुखजीत सिंह ने 10वें मिनट में फील्ड गोल किया। इससे भारत को वापसी की उम्मीद जगी और स्कोर 1-2 हो गया। हाफ टाइम तक इंडिया 1-2 से पिछड़ रहा था। 33वें मिनट में टॉमस डोमेने ने गोल कर अर्जेंटीना की बढ़त फिर 2 गोल की कर दी। उन्होंने 45वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर स्कोर 4-1 कर दिया।

53वें मिनट में लुकास टोस्कानी ने अर्जेंटीना का पांचवां गोल किया। इसके बाद भारत के सामने वापसी के लिए 4 गोल करने की चुनौती थी।

भारत ने आखिरी मिनटों में वापसी की कोशिश की। सुखजीत सिंह ने 58वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया, जबकि इसके एक मिनट बाद हार्दिक सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर स्कोर 3-5 कर दिया।

फाइनल हूटर से ठीक पहले हरमनप्रीत सिंह के गेंद पैर पर लगने के बाद भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला। हालांकि, हरमनप्रीत का ड्रैग-फ्लिक बचा लिया गया और भारत का वर्ल्ड कप अभियान खत्म हो गया।