हॉकी वर्ल्ड कप में आज भारत Vs पाकिस्तान, पिछले 10 साल से टीम इंडिया नहीं हारी
मेंस हॉकी वर्ल्ड कप में आज भारत-पाकिस्तान का मुकाबला होगा। पूल-D का यह मुकाबला वैगनर हॉकी स्टेडियम में शाम 6:30 बजे से से खेला जाएगा। टीम इंडिया पिछले 10 साल से पाकिस्तान के खिलाफ अजेय है। दोनों टीमों 19 मैच हुए हैं। इनमें भारत 17 मैच जीता, जबकि 2 ड्रॉ रहे। पाकिस्तान ने आखिरी बार साउथ एशियन गेम्स 2016 के फाइनल में भारत को 1-0 से हराया था।
भारत पहला मुकाबला वेल्स से 3-1 से जीता, जबकि इंग्लैंड से 1-4 से हार गया। टीम 2 मैचों में 3 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है। टीम यह मैच जीती तो 6 अंक के साथ अगले राउंड के लिए क्वालिफाई कर जाएगी। वहीं अगर पाकिस्तान हारा तो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा।
वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच 5 मुकाबले खेले गए हैं। भारत 3 मैच जीता, जबकि 2 में पाकिस्तान को जीत मिली। दोनों टीमों की वर्ल्ड कप में पिछली भिड़ंत 2010 में हुई थी। नई दिल्ली में हुए इस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 4-1 से हराया था।
दोनों टीमों की सबसे यादगार भिड़ंत 1975 के वर्ल्ड कप फाइनल में हुई थी। तब भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराकर पहली और अपनी इकलौती वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीती थी।
इस साल प्रो लीग के यूरोपियन लेग में भी भारत ने पाकिस्तान को लगातार दो मुकाबलों में 7-1 और 4-3 से हराया था।
वैगनर स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच 1973 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल खेला गया था। इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 1-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। बीपी गोविंदा ने 62वें मिनट में गोल किया था। फाइनल भी इसी स्टेडियम में हुआ। तब भारत को मेजबान नीदरलैंड्स से पेनल्टी स्ट्रोक में हार मिली थी।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल दागे हैं। वे अब तक 2 मैचों में 3 गोल कर चुके हैं। उनके तीनों गोल पेनल्टी कॉर्नर पर आए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ उनसे फिर टीम को गोल की उम्मीद होगी।
