जडेजा के टेस्ट में 350 विकेट पूरे, टॉप-4 ऑलराउंडर में शामिल
भारत ने गॉल टेस्ट के तीसरे दिन श्रीलंका को 284 रन पर ऑलआउट कर पहली पारी में 178 रन की बढ़त बनाई। भारतीय स्पिनर रवींद्र जडेजा ने टेस्ट में अपने 350 विकेट पूरे कर लिए हैं। जडेजा टेस्ट में 4 हजार रन और 350 विकेट पूरे करने वाले दुनिया के चौथे खिलाड़ी बने। वे ऐसा करने वाले कपिल देव के बाद सिर्फ दूसरे भारतीय हैं। वहीं मानव सुथार ने मैच की अपनी पहली ही गेंद पर दिनेश चांडीमल को आउट किया।
जडेजा टेस्ट 4,000 से ज्यादा रन बनाने और 350 से ज्यादा विकेट लेने वाले दुनिया के केवल चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले इंग्लैंज इयान बॉथम, भारत के कपिल देव और न्यूजीलैंड के डैनियल विटोरी यह कारनामा कर चुके हैं।
जडेजा के कुल 351 विकेट हो गए हैं। वे टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दुनिया के तीसरे और भारत के पहले लेफ्ट आर्म स्पिनर हैं। पहले स्थान पर श्रीलंका के रंगना हेराथ हैं। उनके नाम टेस्ट में 433 विकेट हैं।
श्रीलंकाई विकेटकीपर-बल्लेबाज निरोशन डिकवेला टेस्ट में बिना शतक लगाए अब तक 23 बार 50+ का स्कोर बना चुके हैं। वे पहले से इस मामले में नंबर-1 पर हैं। बिना शतक के 16 अर्धशतकों के साथ भारत के चेतन चौहान दूसरे स्थान पर हैं।
तीसरे दिन के खेल की शुरुआत में भारत ने सिर्फ चौथी ही गेंद पर अपना आखिरी विकेट गंवा दिया। असिथा फर्नांडो की शॉर्ट बॉल पर प्रसिद्ध कृष्णा ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद उनके दस्तानों से टकराकर विकेटकीपर निरोशन डिकवेला के हाथों में चली गई। भारत ने पिछले दिन के स्कोर में सिर्फ 2 रन जोड़ा और टीम 462 रन पर ऑलआउट हुई।
श्रीलंका की शुरुआत काफी खराब रही। टीम ने पारी की दूसरी ही गेंद पर निशान फर्नांडो का विकेट गंवा दिया। मोहम्मद सिराज की बाहर निकलती गेंद पर निशान ने शॉट खेला। गेंद ने बल्ले का बाहरी किनारा लिया और फर्स्ट स्लिप में खड़े देवदत्त पडिक्कल के हाथों में चली गई। शून्य के स्कोर पर टीम को पहला झटका लगा।
भारतीय स्पिनर मानव सुथार ने आठवें ओवर में भारत को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने मैच में अपनी पहली ही गेंद पर दिनेश चांडीमल को आउट किया। सुथार की ऑफ-स्टंप से अंदर आती गेंद को चांडीमल ने आगे बढ़कर खेला। गेंद दस्ताने को छूती हुई पीछे चली गई। ऋषभ पंत ने दाईं ओर डाइव लगाकर कैच लपक लिया।
