भारत की विमेंस टी-20 वर्ल्डकप में लगातार दूसरी जीत, नीदरलैंड को 95 रन से हराया
भारत ने विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए नीदरलैंड को 95 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 209 रन बनाए। यह टूर्नामेंट में उसका सबसे बड़ा स्कोर भी रहा। जवाब में नीदरलैंड 17.3 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। हेडिंग्ले के लीड्स स्टेडियम में खेले गए इस मैच में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने भारत की जीत की नींव तैयार की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी की। मंधाना ने 74 और शेफाली ने 55 रन बनाए। मंधाना को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। बॉलिंग में श्री चरणी ने 4 विकेट लिए। वहीं शेफाली वर्मा ने भी 3 विकेट चटकाए।
भारत के लिए स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 115 रन जोड़े। शेफाली ने 38 गेंदों पर 55 रन बनाए। मंधाना ने 47 गेंदों में 74 रन की पारी खेली। यह मंधाना का इस वर्ल्ड कप में लगातार दूसरा अर्धशतक रहा।
भारतीय टीम ने पहले 6 ओवर में बिना विकेट खोए 59 रन बनाए। यह टीम का टी-20 वर्ल्ड कप में जॉइंट बेस्ट पावरप्ले स्कोर है। इसके बाद टीम ने 10.5 ओवर में 100 रन पूरे किए। यह टूर्नामेंट में भारत का सबसे तेज टीम शतक भी रहा। मंधाना-शेफाली की जोड़ी ने महिला टी-20 इंटरनेशनल में अपनी 27वीं 50+ साझेदारी भी दर्ज की।
ओपनिंग साझेदारी टूटने के बाद जेमिमा रोड्रिग्स ने 23 रन का योगदान दिया। आखिरी ओवरों में ऋचा घोष ने सिर्फ 8 गेंदों में नाबाद 20 रन बनाए, जबकि दीप्ति शर्मा ने 2 गेंदों पर 10 रन बनाए। दोनों ने मिलकर भारत को 200 के पार पहुंचाया। भारत का 209/5 का स्कोर महिला टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया। 210 रन का पीछा करते हुए नीदरलैंड ने तेज शुरुआत की। हीदर सीजर्स और फेबे मोल्केनबोएर ने पहले विकेट के लिए 36 रन जोड़े। नंदिनी शर्मा ने 21 रन पर सीजर्स को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद दीप्ति शर्मा ने मोल्केनबोएर (15 रन) को आउट कर नीदरलैंड को दूसरा झटका दिया।
बॉलिंग में श्री चरणी ने 19 रन देकर 4 विकेट लिए। उन्होंने पहले रोबिन रिक्स को LBW आउट किया। इसके बाद एक ओवर में फ्रेडरिक ओवरडिज्क, मिर्थे वैन डेन राड और आइरिस ज्वीलिंग को पवेलियन भेज दिया। चरणी महिला टी-20 वर्ल्ड कप में 4 विकेट लेने वाली भारत की नौवीं गेंदबाज बनीं।
बल्ले से अर्धशतक लगाने वाली शेफाली वर्मा ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया। उन्होंने सेट बल्लेबाज स्टेर कैलिस (18 रन) को बोल्ड कर साझेदारी तोड़ी। बाद में उन्होंने सिल्वर सीजर्स को स्टंप आउट कराया और आखिरी विकेट लेकर मैच खत्म किया। शेफाली ने कुल 3 विकेट अपने नाम किए।
