भारत की श्री चरणी दुनिया की नंबर-1 टी-20 गेंदबाज बनी, विमेंस वर्ल्डकप में 10 विकेट ले चुकीं
21 साल की श्री चरणी विमेंस टी-20 इंटरनेशनल बॉलिंग रैंकिंग में नंबर-1 पर पहुंच गई हैं। भारतीय स्पिनर ने इंग्लैंड की लिंसी स्मिथ को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। श्री चरणी को महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन का फायदा मिला है। वह फिलहाल टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। उन्होंने 3 मैचों में 10 विकेट लिए हैं। टूर्नामेंट में 6 विकेट लेने वाली दीप्ति शर्मा 8वें स्थान पर हैं। भारतीय उप कप्तान स्मृति मंधाना बैटिंग रैंकिंग में टॉप-5 में बनी हुई हैं। उन्होंने इस वर्ल्ड कप में पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाए हैं। इसके अलावा शेफाली वर्मा छठे और कप्तान हरमनप्रीत कौर 10वें स्थान पर हैं।
श्री चरणी बॉलिंग रैंकिंग में नंबर-1 बनने वाली भारत की सबसे कम उम्र की खिलाड़ी भी बन गई हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि दीप्ति शर्मा के नाम थी। दीप्ति 23 दिसंबर 2025 को जब पहली बार नंबर-1 बनीं तब उनकी उम्र 27 साल थी। बाएं हाथ की स्पिनर चरणी ने पिछले साल 28 जून को इंग्लैंड के खिलाफ पहला टी-20 मैच खेला था। वे एक साल के भीतर दुनिया की नंबर-1 गेंदबाज बन गईं। दीप्ति ने 31 जनवरी 2016 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला टी-20 इंटरनेशनल मैच खेला था। उन्हें डेब्यू करने से टॉप रैंकिंग तक पहुंचने में लगभग 10 साल लगे थे।
चरणी ने मौजूदा महिला टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ 3/21, नीदरलैंड्स के खिलाफ 4/19 और साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3/24 के आंकड़े दर्ज किए हैं। उन्होंने अब तक 23 टी-20 मैचों में 38 विकेट लिए हैं। बेस्ट 12 रन देकर 4 विकेट हैं। इंग्लैंड की ऑफ स्पिनर चार्ली डीन 3 मैचों में 5 विकेट लेकर दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं पूर्व नंबर-1 गेंदबाज लिंसी स्मिथ तीसरे स्थान पर खिसक गईं। इंग्लैंड की ही स्टार स्पिनर सोफी एकलस्टन चार स्थान की छलांग लगाकर चौथे नंबर पर पहुंच गई हैं।
वेस्टइंडीज की कप्तान हैली मैथ्यूज 9 स्थान ऊपर चढ़कर 11वें, ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज किम गार्थ 25 स्थान की छलांग लगाकर 20वें और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना10 स्थान ऊपर चढ़कर 25वें नंबर पर पहुंच गई हैं।
भारत की तीन बल्लेबाज टॉप-10 में शामिल हैं। उपकप्तान स्मृति मंधाना 749 रेटिंग के साथ पांचवें स्थान पर बरकरार हैं। ओपनर शेफाली वर्मा एक स्थान ऊपर चढ़कर छठे और कप्तान हरमनप्रीत कौर एक स्थान के फायदे के साथ 10वें नंबर पर पहुंच गई हैं।
ऑस्ट्रेलिया की ओपनर जॉर्जिया वॉल 829 रेटिंग के साथ नंबर-1 बैटर बनी हुई हैं। उन्होंने मौजूदा वर्ल्ड कप के 3 मैचों में 62 रन बनाए हैं। उनकी हमवतन बेथ मूनी एक स्थान के फायदे के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गई हैं, जबकि साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ट तीसरे स्थान पर हैं।
