फुटबॉल वर्ल्ड कप में क्रोएशिया ने पनामा को हराया, नॉकआउट की उम्मीदें कायम, पनामा बाहर
एंटे बुदिमिर के गोल के दम पर क्रोएशिया ने फुटबॉल वर्ल्ड कप में बुधवार को पनामा को 1-0 से हराया। इस जीत के साथ क्रोएशिया ने नॉकआउट दौर में पहुंचने की अपनी उम्मीदें बरकरार रखीं हैं। जबकि पनामा टूर्नामेंट से बाहर हो गया। टोरंटो स्टेडियम में ग्रुप-एल के इस मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। हालांकि, कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। पनामा की डिफेंस लाइन ने क्रोएशिया के हमलों को अच्छी तरह रोके रखा। फिर दूसरे हाफ में क्रोएशिया के एंटे बुदिमिर मैदान पर उतरने के चार मिनट बाद ही गोल करने में सफल रहे। उन्होंने 54वें मिनट में जोसिप स्तानिशिच के सटीक क्रॉस पर आसान गोल दागा। इस गोल ने क्रोएशिया को 1-0 की बढ़त दिला दी। जोकि आखिरी तक कायम रही।
40 साल के लुका मोड्रिच ने करियर का 200वां इंटरनेशनल मैच खेला। उन्होंने 57वें मिनट में मार्को पालिच के लिए शानदार मौका बनाया, लेकिन पनामा के गोलकीपर ऑरलैंडो मॉस्केरा ने बेहतरीन बचाव किया।
मैच के 67वें मिनट में पनामा ने बराबरी के लिए लगातार तीन प्रयास किए, लेकिन गोलकीपर डोमिनिक लिवाकोविच ने शानदार बचाव करते हुए सभी मौके विफल कर दिए।
बूस्टन स्टेडियम में ग्रुप-एल के एक अन्य मैच में इंग्लैंड और घाना ने गोलरहित ड्रॉ खेला गया। इंग्लैंड ने पूरे मैच में 19 शॉट लगाए, जबकि घाना सिर्फ एक शॉट ही लगा सका। घाना ने अहम एक अंक हासिल कर लिया। 86वें मिनट में निको ओ’राइली का हेडर क्रॉसबार से टकराया। हैरी केन के पास रिबाउंड पर गोल करने का मौका था, लेकिन उनका प्रयास लक्ष्य से ऊपर निकल गया।
घाना के लिए सबसे अच्छा अवसर 78वें मिनट में बना, जब अब्दुल फतावू ने शानदार रन लगाकर प्रिंस अडू को पास दिया। हालांकि इंग्लैंड के डिफेंडर एजरी कोन्सा ने समय रहते हस्तक्षेप कर खतरा टाल दिया। घाना ने इस मौके पर पेनल्टी की मांग की, लेकिन रेफरी ने इसे नकार दिया।
घाना के कोच कार्लोस क्वेइरोज ने मैच के बाद कहा कि उनकी टीम की योजना इंग्लैंड को शुरुआत से ही रोकने और निराश करने की थी, जिसमें वे सफल रहे।
