कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को छठा गोल्ड, प्रीति पवार ने विमेंस बॉक्सिंग का फाइनल जीता
कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने छठा गोल्ड मेडल जीत लिया है। विमेंस बॉक्सिंग के 54 KG वर्ग में प्रीति पवार ने फाइनल मुकाबले में कनाडा की सवाना डोलमागो को हराया। इसके साथ ही भारत के अब 6 गोल्ड सहित कुल 24 मेडल हो गए हैं। भारत मेडल टैली में 9वें स्थान पर पहुंच गया है। बॉक्सिंग के अलावा आज भारत के खिलाड़ी एथलेटिक्स, पैरा एथलेटिक्स, जूडो, ट्रैक साइक्लिंग और लॉन बॉल्स में भी पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे। दिनभर में कुल 44 गोल्ड मेडल इवेंट्स होंगे। इनमें एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स के 19, बॉक्सिंग के 14, ट्रैक और पैरा ट्रैक साइक्लिंग के 6 और जूडो के 5 फाइनल शामिल हैं।
बॉक्सिंग में प्रीति के अलावा और 9 मुक्केबाज गोल्ड की रेस में हैं। जैस्मिन लांबोरिया (57 kg) का मुकाबला जारी है।
वहीं, 4:15 बजे जदुमणि सिंह (55 kg) गोल्ड के लिए उतरेंगे। रात 9 बजे साक्षी चौधरी 51 kg, 9:15 बजे प्रिया घंघास 60 kg, 9:30 बजे अरुंधति चौधरी 70 kg, 10:15 बजे लवलीना बोरगोहेन 75 kg, 10:45 बजे सचिन सिवाच 60 kg, 11:15 बजे अंकुश पंघाल 80 kg और 11:45 बजे नरेंद्र बरवाल 90+ kg में अपने फाइनल मुकाबले खेलेंगे।
पैरा एथलेटिक्स में पुरुष 1500 मीटर T54 के फाइनल में भारत के रमेश शनमुगम सातवें स्थान पर रहे। उन्होंने 3:23:59 मिनट का समय लिया।
मेंस ट्रिपल जंप का फाइनल जारी है। भारत के सेल्वा प्रभु थिरुमारन और प्रवीण चित्रावले इस इवेंट में दावेदारी पेश कर रहे हैं। सेल्वा का पहला अटैम्प्ट 15.87 मीटर का रहा और वह फिलहाल पांचवें स्थान पर हैं। वहीं, प्रवीण का पहला अटैम्प्ट 16.05 मीटर का रहा। वह चौथे स्थान पर हैं।
महिलाओं की 10,000 मीटर रेस वॉक फाइनल में भारत की रवीना गायकवाड को डिस्क्वालिफाई कर दिया गया। उन्हें रेस वॉकिंग नियमों के उल्लंघन के लिए तीन रेड कार्ड मिले, जिसके बाद उन्हें बाहर कर दिया गया। इसके साथ ही कॉमनवेल्थ गेम्स में उनका अभियान निराशाजनक तरीके से खत्म हो गया।
