पाकिस्तानी कप्तान से गले मिलीं टीम इंडिया की स्टार क्रिकेटर जेमिमा, हैंडशेक भी किया, VIDEO
भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले हमेशा रोमांच और भावनाओं से भरपूर होते हैं. लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव का असर क्रिकेट मैदान पर भी साफ दिखाई दिया है. हाल के कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंटों में भारतीय और पाकिस्तानी कप्तानों ने पारंपरिक प्री-मैच और पोस्ट-मैच हैंडशेक नहीं किया, जिससे यह मुद्दा लगातार चर्चा में रहा.
इसी माहौल के बीच इंग्लैंड में खेली जा रही द हंड्रेड विमेंस लीग से आई एक तस्वीर सुर्खियां बटोर रही है. साउथम्प्टन के द रोज बाउल में खेले गए मुकाबले में सदर्न ब्रेव्स ने बर्मिंघम फीनिक्स को 24 रनों से हराया. मैच खत्म होने के बाद भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स और पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना आमने-सामने आईं. दोनों ने पहले हाथ मिलाया और फिर एक-दूसरे को गले लगाया. कुछ सेकंड का यह दृश्य कैमरे में कैद हुआ और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
Everyone debating if Fatima Sana and jemimah Rodrigues would shake hands and they straight up HUGGED?!😭😭🙏
Keep politics out of sports FOREVER. pic.twitter.com/XCE2lswGlg
— A. (@anhnjo) July 30, 2026
जेमिमा रोड्रिग्स और फातिमा सना का यह व्यवहार इसलिए ज्यादा चर्चा में है क्योंकि हाल के भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में ऐसी तस्वीरें देखने को नहीं मिली थीं. पिछले एक साल में दोनों देशों के बीच खेले गए कई बड़े मैचों में भारतीय कप्तानों ने पाकिस्तान के कप्तानों के साथ पारंपरिक हैंडशेक नहीं किया. यह बदलाव क्रिकेट जगत में लगातार चर्चा का विषय बना रहा.
इस सिलसिले की शुरुआत 2025 एशिया कप से चर्चा में आई, जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच मैच से पहले और बाद में हैंडशेक नहीं हुआ. इसके बाद यह क्रम कई बड़े टूर्नामेंटों में भी जारी रहा.
