अमेरिका में भारतीय मूल के व्यक्ति का सिर काटा, पत्नी-बेटे के सामने हत्या

अमेरिका के टेक्सास में एक 50 वर्षीय भारतीय मूल के होटल मैनेजर की हत्या कर दी गई है. मैनेजर का अपने एक सहकर्मी के साथ वाशिंग मशीन को लेकर विवाद शुरू हुआ और फिर उसकी पत्नी और बेटे के सामने ही उसका सिर कलम कर दिया गया. हत्यारे के बारे में अब चौंकाने वाली जानकारियां सामने आ रही हैं जिसमें कहा जा रहा है कि वो क्यूबा का रहने वाला था और अवैध रूप से अमेरिका में रह रहा था. संदिग्ध हमलावर का रिकॉर्ड आपराधिक रहा है और हत्या के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. मार्टिनेज ने ह्यूस्टन में इससे पहले भी कई अपराध किए हैं जिसमें गाड़ी चुराना और हमला करना शामिल है. उसे गैर जमानती हिरासत में रखा गया है और दोषी पाए जाने पर उसे बिना पैरोल के आजीवन कारावास या मृत्युदंड की सजा हो सकती है.

अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग ने कहा है कि राष्ट्रपति जो बाइडेन के पिछले प्रशासन ने मार्टिनेज जैसे आदतन अपराधी को जेल में रखने के बजाए रिहा कर दिया था. कहा जा रहा है कि क्‍यूबा डिपोर्ट करने के लिए पर्याप्‍त विमान उपलब्‍ध नहीं थे, इसलिए उसे निगरानी में रखकर छोड़ दिया गया था. रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) ने कहा कि मार्टिनेज को अमेरिका में कभी भी आजाद नहीं होना चाहिए था. सार्वजनिक रिकॉर्ड से पता चला है कि आरोपी ह्यूस्टन के साथ-साथ टेक्सास के बाहर फ्लोरिडा और कैलिफोर्निया में भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है.

यह घटना बुधवार सुबह डलास के डाउनटाउन सूट्स मोटल में हुई. डलास पुलिस विभाग के अनुसार, मृतक मूल रूप से कर्नाटक के चंद्र मौली ‘बॉब’ नागमल्लैया का उनके सहकर्मी योर्डानिस कोबोस-मार्टिनेज के साथ एक टूटी हुई वॉशिंग मशीन को लेकर विवाद हुआ जिसके बाद मार्टिनेज ने उनकी हत्या कर दी. पुलिस की तरफ से जारी गिरफ्तारी हलफनामे के अनुसार, मार्टिनेज अपनी एक महिला सहकर्मी के साथ कमरे की सफाई कर रहा था, तभी नागमल्लैया ने उसे टूटी हुई मशीन का इस्तेमाल न करने के लिए कहा.

नागमल्लैया ने मशीन टूटने के बाद मार्टिनेज से कुछ कहने के बजाए किसी अन्य व्यक्ति को कुछ कहा और कहा कि उसे ट्रांसलेट कर बात समझा दी जाए. इससे मार्टिनेज नाराज हुआ और उसने मैनेजर पर हमला कर दिया. हमले से बचने के लिए मैनेजर होटल के ऑफिस की तरफ भागे जहां उनकी पत्नी और 18 साल का बेटा मौजूद थे लेकिन हमलावर ने उनका पीछा किया और पत्नी-बेटे के हस्तक्षेप के बावजूद मैनेजर को चाकू मार दी. हमलावर ने नागमलैया की गर्दन पर तब तक वार किए जब तक कि उनका सिर धड़ से अलग नहीं हो गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *