इंदौर से भुवनेश्वर जा रही थी इंडिगो की फ्लाइट, अचानक रनवे से लौटी वापस, सुधार के बाद रवाना

तकनीकी खराबी के कारण इंदौर से भुवनेश्वर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6332 (एयरबस A320 नियो विमान) रनवे के बीच से वापस लौट आई। बताया जा रहा है कि फ्लाइट में 80 से ज्यादा यात्री सवार थे। उड़ान की तैयारी के दौरान पायलट को तकनीकी गड़बड़ी का आभास हुआ। इसके बाद विमान को रनवे से वापस टैक्सी कर टर्मिनल पर लाया गया। विमान करीब ढाई घंटे तक रनवे पर खड़ा रहा। इस दौरान सभी यात्री विमान में ही बैठे रहे। सुधार के बाद विमान इंदौर से भुवनेश्वर के लिए रवाना हो गया है। इंडिगो की यह फ्लाइट भुवनेश्वर से सुबह 6.15 बजे उड़ान भरती है और लगभग 8.15 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर लैंड करती है। लेकिन आज यह फ्लाइट निर्धारित समय से पहले, लगभग सुबह 7.39 बजे ही इंदौर में लैंड हो गई थी। भुवनेश्वर से इंदौर आने के बाद यह फ्लाइट वापसी में इंदौर से सुबह 9 बजे उड़ान भरती है और लगभग सुबह 10.55 बजे भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर लैंड करती है। इसी विमान को बाद में भुवनेश्वर से अहमदाबाद के लिए रवाना किया जाता है। रविवार देर रात इंदौर से दिल्ली जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट भी कैंसल हो गई थी। एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि एअर इंडिया की AI804 फ्लाइट इंदौर से रात 10.25 बजे उड़ान भरकर रात 12.20 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड करती है, लेकिन यह फ्लाइट कल कैंसिल हो गई थी, जिसके बाद इंदौर एयरपोर्ट पर आए यात्रियों को काफी परेशान होना पड़ा था। वहीं, दिल्ली से इंदौर आने वाली एअर इंडिया की AI803 भी कल कैंसिल थी। यह फ्लाइट शाम 6.40 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरकर रात 8.15 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर लैंड करती है। यह दोनों ही फ्लाइट रविवार को किस वजह से रद्द हुईं, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।

इससे पहले शनिवार को यात्रियों को तब बड़ी असुविधा हुई जब इंदौर से जबलपुर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट को बिना किसी पूर्व सूचना के उड़ान से ठीक पहले रद्द कर दिया गया। यात्री सुबह 6 बजे ही एयरपोर्ट पहुंच गए थे। शुरुआत में उन्हें बताया गया कि विमान आधे घंटे की देरी से रवाना होगा। सुबह सवा सात बजे यात्रियों को बोर्डिंग के लिए टर्मिनल से बस में बैठाकर विमान की ओर ले जाया गया, लेकिन डेढ़ घंटे तक उन्हें बस में ही बैठाए रखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *