कब आएगी लाडली बहना योजना की 39वीं किस्त, रक्षाबंधन का भी मिलेगा तोहफा; जानें तारीख

मां शारदा की पावन नगरी मैहर में मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री मोहन यादव का 19 अगस्त को आगमन होने जा रहा है. इस दौरान पूरा मैहर जिला न केवल मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए सज-धजकर तैयार है, बल्कि अंचलवासियों को कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात भी मिलने जा रही है. इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण ‘मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना’ की 39वीं किस्त का ट्रांसफर है. मुख्यमंत्री एक सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक बहनों के बैंक खातों में डीबीटी (DBT) के माध्यम से राशि अंतरित करेंगे.

रक्षाबंधन के पावन पर्व को ध्यान में रखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने लाडली बहनों को विशेष सौगात दी है. हर महीने 1500 रुपए की मासिक किस्त के साथ-साथ इस बार 250 रुपए की अतिरिक्त उपहार राशि भी दी जा रही है. इस प्रकार हर पात्र लाडली बहना के खाते में कुल 1750 की राशि पहुंचेगी. इस घोषणा से पूरे प्रदेश की महिलाओं में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है.

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री करीब 1:30 बजे मैहर में हेलीकॉप्टर से उतरेंगे. इसके बाद वह मां शारदा मंदिर में जाकर विधि विधान से पूजा-अर्चना करेंगे. इसके बाद आयोजित विशाल जनसभा और लाडली बहना सम्मेलन में भाग लेंगे. कार्यक्रम समापन के बाद शाम लगभग 5:30 बजे मुख्यमंत्री रीवा के रास्ते भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे.

माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव मैहर जिले के लिए कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण कर सकते हैं. इनमें स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़कों से जुड़ी बुनियादी ढांचों के लिए कई ऐलान हो सकते हैं.कार्यक्रम के भव्य और सुरक्षित आयोजन को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है.
आम जनता और वीआईपी आवागमन के लिए यातायात और पार्किंग के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. रीवा कमिश्नर शैलेंद्र सिंह, आईजी गौरव राजपूत और मैहर कलेक्टर विदिशा मुखर्जी ने अधिकारियों के साथ बाबा तैयारियों का जायजा लिया है.