IPL- बेंगलुरु सीजन में तीसरा मैच हारी, गुजरात ने 4 विकेट से हराया, गिल ने 43 रन बनाए
गुजरात टाइटंस ने IPL में गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 4 विकेट से हरा दिया। टीम को मौजूदा सीजन में 5वीं जीत मिली है, जबकि बेंगलुरु तीसरा मैच हारी है। बेंगलुरु 12 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि गुजरात 10 लेकर 5वें नंबर पर है। अहमदाबाद में गुजरात ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। बेंगलुरु 19.2 ओवर में 155 रन पर ऑलआउट हो गई। मेजबान टीम ने 156 रन का टारगेट 15.5 ओवर में 6 विकेट पर चेज कर लिया। राशिद खान ने सुयश शर्मा की बॉल पर चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई। इस मैच में कोई भी बैटर फिफ्टी नहीं लगा सका। गुजरात के कप्तान शुभमन गिल मुकाबले के टॉप स्कोरर रहे। उन्होंने 43 रन बनाए। वहीं, बेंगलुरु के देवदत्त पडिक्कल ने 40 रन की पारी खेली।
गुजरात की ओर से अरशद खान ने 3 विकेट झटके। जेसन होल्डर और राशिद खान को 2-2 विकेट मिले। सिराज-रबाडा को एक-एक विकेट मिला। एक बैटर रनआउट हुआ। बेंगलुरु की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट झटके। उन्होंने जोस बटलर (39 रन), कप्तान शुभमन गिल (43 रन) और साई सुदर्शन (6 रन) को पवेलियन भेजा। इसी के साथ वे सीजन के टॉप विकेट टेकर्स की लिस्ट के टॉप पर आ गए हैं।
