रजत पाटीदार के कैच को लेकर छिड़ा विवाद, चौथे अंपायर से उलझते नजर आए विराट कोहली
इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 42वां लीग मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के बीच में खेला जा रहा है। इस मैच गुजरात टाइटंस टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। आरसीबी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही जिसमें उन्होंने 35 के स्कोर तक अपने दोनों ही ओपनिंग बल्लेबाजों को गंवा दिया था। वहीं इसके बाद आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने देवदत्त पडिक्कल के साथ मिलकर पारी को संभाला और तेजी के साथ रन बनाने का सिलसिला शुरू किया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी हो चुकी थी, इसी बीच अरशद खान की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में रजत पाटीदार ने अपना विकेट गंवा दिया, जिसमें उनके कैच को लेकर तीसरे अंपायर के फैसले पर विवाद भी देखने को मिला और विराट कोहली इसमें सबसे ज्यादा नाखुश नजर आए।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस मुकाबले में 7 ओवर्स में दो विकेट के नुकसान पर 71 रन बना लिए थे, जिसमें गुजरात टाइटंस की तरफ से पारी का 8वां ओवर फेंकने आए अरशद खान के इस ओवर की पहली तीन गेंदों में रजत पाटीदार ने 8 रन बना लिए थे। इसके बाद चौथी गेंद पर उन्होंने डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर शॉट खेला जिसमें वह हवा में काफी ऊंचा गया था। इस दौरान वहां पर फील्डिंग कर रहे जेसन होल्डर ने दौड़ लगाने के साथ गेंद को डाइव लगाते हुए लपक लिया। हालांकि इस दौरान उन्होंने जिस हाथ से कैच लपका वह स्लाइड करने के साथ मैदान से भी लगा हुआ था। फील्ड अंपायर ने इस कैच को चेक करने के लिए फैसला तीसरे अंपायर की तरफ भेजा जिसमें उन्होंने रिप्ले देखने के बाद रजत पाटीदार को आउट करार दे दिया। ऐसे डग आउट में बैठे विराट कोहली फैसले को लेकर काफी नाराज नजर आए जिसमें वह पास में खड़े चौथे अंपायर के पास इस फैसले पर अपनी नाखुशी जाहिर करते हुए दिखाई दिए जिसमें उनके अलावा आरसीबी टीम के हेड कोच एंडी फ्लावर भी वहां पर मौजूद थे। रजत पाटीदार इस मुकाबले में 15 गेंदों का सामना करने के बाद दो चौके और एक छक्के की मदद से 19 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौट गए।
It’s heating up in Ahmedabad! 🔥#JasonHolder caught #RajatPatidar at the boundary, but the #RCB camp wasn’t convinced with the decision! 👀#TATAIPL 2026 ➡️ #GTvRCB | LIVE NOW 👉https://t.co/K8vuSzrZ1d pic.twitter.com/GwfAoIelDj
— Star Sports (@StarSportsIndia) April 30, 2026
गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में सभी को विराट कोहली से बड़ी पारी की उम्मीद थी, जिसमें उन्होंने पारी के दूसरे ओवर में कगिसो रबाडा के खिलाफ लगातार 5 गेंदों में पांच चौके लगाने के साथ शुरुआत काफी शानदार की थी, लेकिन वह इसे बड़ी पारी में बदलने में कामयाब नहीं हो सके। कोहली इस मुकाबले में 13 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 28 रनों की पारी खेलने के बाद कगिसो रबाडा की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे।
