IPL : आज DC-RR का मुकाबला, दिल्ली हार का सिलसिला तोड़ने उतरेगी
IPL में आज दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच मुकाबला खेला जाएगा। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से मैच शुरू होगा। RR के वैभव सूर्यवंशी टी-20 में सबसे तेज 100 सिक्स लगाने के करीब हैं। उन्होंने टी20 की 27 पारियों में 511 गेंदों पर 99 सिक्स लगाए हैं। यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के कीरोन पोलॉर्ड के नाम है, जिन्होंने 843 गेंदों में 100 छक्के पूरे किए थे। राजस्थान के लिए इस सीजन में वैभव सूर्यवंशी ने 9 मैचों में 400 रन बनाए हैं, जबकि 350 से ज्यादा रन उन्होंने छक्के-चौकों से बनाए हैं। इसमें 1 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 238.09 टीम को तेज शुरुआत दिला रहा है।
15 साल के वैभव सूर्यवंशी सबसे तेज शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने मात्र 36 गेंदों में 103 रन बनाकर अपना दूसरा IPL शतक जड़ दिया। इस धमाकेदार पारी में उन्होंने 12 छक्के और 5 चौके लगाए। सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। गेल ने 2013 में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ 30 गेंद पर शतक लगाया था। इसके अलावा वैभव IPL में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय भी हैं। वैभव ने अपनी शतकीय पारी में 12 छक्के लगाए। वे IPL की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड मुरली विजय के नाम था, जिन्होंने 2010 में RR के खिलाफ 11 छक्के लगाए थे। वैभव ने भी 2025 में GT के खिलाफ 11 छक्के लगाए थे। वैभव ने IPL में सबसे तेज 50 छक्के पूरे करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने सिर्फ 15 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने क्रिस गेल को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 21 पारियों में 50 छक्के पूरे किए थे। तीसरे नंबर पर 23 पारियों के साथ रजत पाटीदार हैं।
वैभव सूर्यवंशी ने अपने IPL करियर में 500 रन पूरे कर लिए हैं। वे लीग में सबसे कम गेंदों में यह मुकाम हासिल करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने लखनऊ के खिलाफ मैच में पहली ही गेंद पर चौका लगाकर यह उपलब्धि हासिल की। वैभव ने सिर्फ 227 गेंदों पर 500 रन बनाए हैं।
