IPL 2026 प्लेऑफ का शेड्यूल जारी, अहमदाबाद में फाइनल, धर्मशाला और चंडीगढ़ में प्लेऑफ मुकाबले होंगे

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के प्लेऑफ मुकाबलों का शेड्यूल जारी हो गया है। इसकी शुरुआत 26 मई को क्वालीफायर-1 मुकाबले से होगी। टूर्नामेंट का फाइनल 31 मई को अहमदाबाद में खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार को प्लेऑफ मुकाबलों का डिटेल जारी किया। IPL 2026 में 5 मई तक 48 मैच खेले जा चुके हैं। प्लेऑफ मुकाबले 70 मैच के बाद खेले जाएंगे।

IPL 2026 का पहला प्लेऑफ मुकाबला यानी क्वालीफायर-1 धर्मशाला के एचपीसीए (HPCA) स्टेडियम में 26 मई को खेला जाएगा। इसमें पॉइंट्स टेबल की टॉप-2 टीमें आमने-सामने होंगी। इसके बाद टूर्नामेंट चंडीगढ़ के न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शिफ्ट होगा। यहां 27 मई को एलिमिनेटर और 29 मई को क्वालीफायर-2 के मैच खेले जाएंगे।

सीजन का ग्रैंड फिनाले 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। मोदी स्टेडियम लगातार दूसरे साल खिताबी मुकाबले की मेजबानी करेगा। IPL 2025 का फाइनल भी यहीं खेला गया था, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पंजाब किंग्स को हराकर ट्रॉफी जीती थी।

इस साल प्लेऑफ के लिए तीन अलग-अलग वेन्यू चुने गए हैं। पहले फाइनल की मेजबानी बेंगलुरु को दी गई थी। हालांकि, स्थानीय एसोसिएशन और अधिकारियों की कुछ ऐसी मांगें थीं जो BCCI के प्रोटोकॉल और गाइडलाइंस के दायरे से बाहर थीं। इसी कारण वेन्यू को बदलना पड़ा और अहमदाबाद को फाइनल की जिम्मेदारी सौंपी गई।