बहरीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास ईरान का हमला, तेल टैंकों में लगी भीषण आग
अमेरिका-इजरायल और ईरान जंग का आज 13वां दिन है. दोनों ओर से बदस्तूर हमले जारी हैं. ओमान के दक्षिणी शहर सलालाह के पोर्ट पर हमला हुआ है. यहां तेल स्टोरेज टैंकों पर ड्रोन से हमला किया गया है. इस हमले के बाद ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक अल-सईद ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से फोन पर बात की है.
वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि होर्मुज स्ट्रेट में हालात जल्द ठीक हो जाएंगे. इजरायली सेना ने लेबनान की राजधानी बेरूत में हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर हमले तेज कर दिए हैं.
पश्चिम एशिया में जारी ईरान-अमेरिका-इजरायल संघर्ष के बीच बुधवार को इराक के बसरा के पास एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है. अमेरिकी स्वामित्व वाले कच्चे तेल के टैंकर सेफसी विष्णु , जो मार्शल द्वीप समूह के ध्वज के तहत चल रहा था, पर ईरानी ‘सुसाइड बोट’ (आत्मघाती नाव) से हमला किया गया. इस हमले में जहाज पर सवार एक भारतीय चालक दल सदस्य की दुखद मौत हो गई, जबकि शेष 15 भारतीय चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है
बगदाद स्थित भारतीय दूतावास ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दूतावास इराकी अधिकारियों और बचाए गए भारतीय नाविकों के साथ लगातार संपर्क में है. दूतावास हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है, जिसमें चिकित्सा सहायता, परिवहन और परिवारों से संपर्क शामिल है. मृतक भारतीय नागरिक की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है और परिवार को सूचना देने की प्रक्रिया चल रही है.
इज़रायल ने बताया कि ईरान की तरफ से मिसाइलों की एक नई बौछार के बाद उत्तरी इज़रायल के कुछ इलाकों में सायरन बजने लगे. इज़रायली सेना ने कहा कि इज़रायल डिफेंस फोर्सेज़ आने वाली मिसाइलों को रोकने के लिए काम कर रही है, जबकि होम फ्रंट कमांड ने अलर्ट जारी करके लोगों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा है.
अल जज़ीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि सुबह-सुबह दुश्मन के एक ड्रोन ने दक्षिणी कुवैत में एक रिहायशी बिल्डिंग पर हमला किया, जिसमें करीब दो लोग घायल हो गए. अधिकारियों ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए ले जाया गया. हमले से बिल्डिंग को भी नुकसान हुआ है. अधिकारियों ने ड्रोन या घटना के हालात के बारे में तुरंत और जानकारी नहीं दी.
